तवांग में चीनी सेना से झड़प के बाद भारतीय सेना अलर्ट मोड में, मुंहतोड़ जवाब देने के लिए लड़ाकू विमान तैयार

- भारतीय सेना अलर्ट पर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरूणाचल प्रदेश में चीनी सेना के साथ भारतीय सेना की झड़प के बाद इंडियन आर्मी पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। अब भारतीय वायुसेना वास्तविक नियंत्रण रेखा समेत अरूणाचल प्रदेश के कई इलाकों की कड़ी निगरानी कर रही है। क्षेत्र में होने वाली सभी गतिविधियों पर भारतीय सेना की पूरी नजर है। चीन की किसी भी हरकत से निपटने के लिए वायुसेना के लड़ाकू विमानों को तैयार किया जा रहा है।
भारतीय सेना ने शुरू की कड़ी निगरानी
इंडियन आर्मी और भारतीय एयरफोर्स हर परिस्थिति से निपटने के लिए कड़ी नजर बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना ने क्षेत्र में निगरानी के लिए विमानों की उड़ानों में भी इजाफा किया है। इससे साफ है कि भारतीय सेना किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाली नहीं है और चीन को उसी भाषा में समझाने के लिए तैयार है। अगर चीन किसी भी तरह का नापाक साजिश करता है तो भारतीय सेना जवाब देने में भी पीछे नहीं हटेगी।
भारतीय सेना ने दी थी जानकारी
गौरतलब है कि भारतीय सेना ने तवांग में हुई झड़प के बाद जानकारी दी थी। सेना ने बताया था कि झड़प में दोनों पक्षों के सैनिक घायल हुए हैं। जिसके बाद देशभर में हलचल मच गई थी। हालांकि, मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस झड़प को लेकर जानकारी दी और कहा कि दोनों देशों के सैनिकों की झड़प में कोई भी भारतीय जवान शहीद नहीं हुआ है ना ही गंभीर रूप से घायल है। रक्षामंत्री ने बताया कि चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की, जिन्हें भारतीय सैनिकों ने उनकी पोस्ट तक खदेड़ दिया।
चीन का आया बयान
तवांग में भारतीय और चीनी सेना के बीच झड़प के बाद चीन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। चीनी सेना ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भारतीय सैनिक अवैध तरीके से सीमा पर रूटीन पेट्रोलिंग कर रहे चीनी सैनिकों के काम को बाधित किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। चीनी सेना ने आगे कहा कि भारत बॉर्डर पर ड्यूटी करने वाले सैनिकों के साथ सख्ती करे और चीन के साथ मिलकर सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाल करे। दूसरी तरफ चीन के विदेश मंत्रालय ने झड़प को लेकर बयान जारी किया है और कहा कि बॉर्डर पर स्थिति स्थिर है। हालांकि, चीनी विदेश मंत्रालय की तरफ से सैनिकों के घायल होने की पुष्टि नहीं की गई है।
Created On :   13 Dec 2022 11:01 PM IST