उत्तर प्रदेश में युवती ने लिए भगवान कृष्ण के साथ सात फेरे, कन्हैया को दामाद बनाकर खुश हुए घरवाले

- 11 मार्च को रक्षा ने हिंदू रीति रिवाजों से भगवान कृष्ण के साथ विवाह कर लिया
डिजिटल डेस्क, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के औरैया में एक तीस साल की युवती ने भगवान कृष्ण की भक्ति में लीन होकर उन्हीं से शादी रचा ली। युवती ने पूरे रीति-रिवाजों के साथ परिवार से सभी सदस्यों की उपस्थिति में भगवान कृष्ण के साथ सात फेरे लिए। इस दौरान माता-पिता ने पूरी खुशी के साथ बेटी का कन्यादान भी किया। इस अनोखी शादी के बाद परिवार वालों का कहना है कि भगवान श्री कृष्ण अब हमारे रिश्तेदार बन चुके हैं अब हम उन्हें अपने दामाद के रुप में पूजेंगे।
कृष्ण भक्ति में लीन थी रक्षा
यह अनोखा मामला औरेया जिले के बिधूना नगर का है। जहां 30 साल की रक्षा एमए करने के बाद एलएलबी की पढ़ाई कर रही है। रक्षा बचपन से ही भगवान कृष्ण की भक्ति में मग्न रहती थी। वहीं रक्षा के माता-पिता उसकी शादी कराने में लगे हुए थे। लेकिन भगवान कृष्ण से अपना लगाव लगा चुकी रक्षा अक्सर रिश्तों को मना कर देती थी। आखिरकार एक दिन रक्षा ने अपने माता-पिता को बताया कि भगवान कृष्ण उसके सपने में आए थे और उन्होंने सपने में भगवान से शादी कर ली है।
भगवान कृष्ण की दुल्हन बनीं रक्षा
कृष्ण की भक्ति में रंगी रक्षा मन ही मन भगवान कृष्ण को अपना वर मान चुकी थी। रक्षा ने अपने माता-पिता को सारी बातें बताई और अथक प्रयास करके उन्हें इस शादी के लिए मना लिया। अंत में बीते शनिवार 11 मार्च को रक्षा ने हिंदू रीति रिवाजों से भगवान कृष्ण के साथ विवाह कर लिया। पंडित जी ने मंत्रोचार करने रक्षा और भगवान कृष्ण की शादी पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न की। रक्षा इस शादी के बाद बेहद खुश हैं और उसके परिवार वालों का मानना है कि अब भगवान कृष्ण दामाद के रूप में हमारे घर में विराजेंगे।
Created On :   13 March 2023 5:14 PM IST