सम्मान: तेंदुए से लड़ने वाली 10 साल की राखी सहित देशभर के 22 बच्चों को मिलेगा वीरता पुरस्कार

- 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर दिया जाता है वीरता पुरस्कार
- वीरता पुरस्कार के लिए चुने गए बच्चे गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा नहीं होंगे
- वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वालों में जम्मू-कश्मीर के दो बच्चे भी शामिल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गैर सरकारी संस्था भारतीय बाल कल्याण परिषद (इंडियन काउंसिल ऑफ चाइल्ड वेलफेयर) ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर दिए जाने वाले वीरता पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस साल तेंदुए से लड़ने वाली 10 साल की राखी सहित देशभर के 22 बच्चों को वीरता पुरस्कार दिया जाएगा। देशभर से चुने गए 22 बच्चों में 10 लड़कियां व 12 लड़के शामिल हैं। एक बच्चे को मरणोपरांत यह पुरस्कार दिया जा रहा है। इस साल वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वालों में जम्मू-कश्मीर के दो बच्चे भी शामिल हैं।
परिषद पर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप के कारण बीते साल बाल विकास मंत्रालय ने खुद को इन पुरस्कारों से अलग कर लिया था। इस कारण बीते साल से इंडियन काउंसिल ऑफ चाइल्ड वेलफेयर (आईसीसीडब्ल्यू) ही पुरस्कार दे रही है। वीरता पुरस्कार के लिए चुने गए बच्चे गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा नहीं होंगे।
पुरस्कारों के नाम बदले
आईसीसीडब्ल्यू ने इस साल से पुरस्कारों के नाम भी बदल दिए हैं। पहले संजय चोपड़ा, गीता चोपड़ा, बापू गेधानी नाम से पुरस्कार दिए जाते थे। इस बार से इनके स्थान पर मार्कंडेय पुरस्कार, ध्रुव पुरस्कार, अभिमन्यु पुरस्कार, प्रह्लाद पुरस्कार, व श्रवण नाम से पुरस्कार दिया जाएगा। परिषद की संरक्षक गीता सिद्धार्थ ने बताया कि बहुत समय से पुराने नाम पर ही पुरस्कार दिए जा रहे थे इसलिए इनको बदला गया है। इस बार भारत अवार्ड केरल के 15 वर्षीय आदित्य को दिया जाएगा। जबकि पौड़ी गढ़वाल जिले की 10 वर्षीय राखी को मार्कंडेय पुरस्कार, ओडिशा की 15 वर्षीय पूर्णिमा गिरी व सबिता गिरी को ध्रुव पुरस्कार दिया जाएगा।
अभिमन्यु पुरस्कार केरल के 16 वर्षीय मुहम्मद मुहसिन को व प्रह्लाद पुरस्कार ओडिशा की 10 वर्षीय बदरा को दिया जाएगा। श्रवण पुरस्कार जम्मू-कश्मीर के 16 वर्षीय सरताज मोहीदीन मुगल को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर के ही मुदासिर अशरफ को वीरता पुरस्कार, हिमाचल प्रदेश के पालमपुर की अलाइका को भी वीरता पुरस्कार दिया जाएगा।
पुरस्कार में नकद राशि व पढ़ाई में वित्तीय मदद मिलती है
भारत पुरस्कार के तहत 50 हजार, चार पुरस्कारों के तहत 40 हजार रुपये की राशि व अन्य बच्चों को 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा परिषद पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान करती है।
केंद्र सरकार देती है प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार
उल्लेखनीय है कि अब केंद्र सरकार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देती है। इसमें इनोवेशन, समाज सेवा, स्कूल संबंधी, कला-संस्कृति, खेल व बहादुुरी के तहत बच्चों का चयन किया जाता है।
Created On :   21 Jan 2020 11:41 PM IST