रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर फायरिंग, तीन गड़ियां पलटीं

डिजिटल डेस्क, रायबेरली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर जानलेवा हमले की खबर सामने आई है। उनके काफिले पर कुछ लोगों ने पीछे से हमला कर दिया। घटना के दौरान विधायक की कार समेत उनके काफिले की तीन अन्य गाड़ियां भी पलट गई। इससे अदिति सिंह समेत कई नेताओं को चोटें आई हैं। घायल नेताओं को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आदिति सिंह पर हमला तब हुआ जब वो रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हो रही वोटिंग में अपने समर्थकों के साथ गई थीं। अवधेश सिंह, सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बीजेपी प्रत्याशी दिनेश सिंह के भाई हैं और उनके ऊपर ही अदिति सिंह पर हमला करवाने का आरोप लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बछरावां थाना इलाके के टोल प्लाजा और फ्लाईओवर के पास दबंगों ने राकेश अवस्थी की गाड़ी रोक ली और हमला कर दिया। इस दौरान दबंगों ने अदिति सिंह की गाड़ी का पीछा किया। आरोप है कि इस दौरान अदिति सिंह की गाड़ी पर फायरिंग की गई। तेज रफ्तार होने के कारण अदिति की गाड़ी हरचंदपुर थाना इलाके के मोदी स्कूल के पास पलट गई। जिससे अदिति घायल हो गईं।




Created On :   14 May 2019 3:59 PM IST