बयान: शाह ने स्वीकारी झारखंड में हार की जिम्मेदारी, कहा- बंगाल में जरूर जीतेंगे

- नागरिकता कानून के खिलाफ ज्यादातर प्रदर्शन राजनीतिक - अमित शाह
- पश्चिम बंगाल में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे- अमित शाह
- बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे विधानसभा चुनाव- अमित शाह
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने झारखंड विधानसभा चुनाव में मिली हार के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। एक हिंदी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में शाह ने कहा, "हम हारे हैं, लेकिन यह हमारे लिए आत्मचिंतन का विषय है।" शाह ने दिल्ली और बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने का भी दावा किया। शाह ने कहा कि हमारी तैयारी बहुत अच्छी है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने जो वादे किए थे, वह पूरे नहीं हुए।
दिल्ली सीएम का फैसला संसदीय बोर्ड करेगा
अमित शाह ने दिल्ली में सीएम उम्मीदवार पर कहा कि इस पर निर्णय पार्टी लेगी, और यह फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करता है। वहीं शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने का भी दावा करते हुए कहा कि पार्टी राज्य में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। राज्य की जनता ममता सरकार से परेशान हो चुकी है। हमारी सरकार वहां बनना तय है।
लोग कर रहे गुमराह
शाह ने नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों को राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून से किसी भी भारतीय की नागरिकता नहीं जाएगी। शाह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बताएं किस धारा में नागरिकता छीनने की बात की है। उन्होंने कहा, "कुछ लोग इस कानून को लेकर गुमराह कर रहे हैं, लेकिन हम लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।"
बिहार में नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लडेंगे
बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अमित शाह ने कहा कि एनडीए विधानसभा चुनाव जदयू अध्यक्ष और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा। इसमें किसी भी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं है।
Created On :   3 Jan 2020 7:44 AM IST