फिलिपिंस से भारत लाया गया फरार माफिया सरगना सुरेश पुजारी

- ठाणे में दर्ज है वसूली के 23 मामले
डिजिटल डेस्क, मुंबई। सीबीआई की गिरफ्त में आए कई सालों से फरार माफिया सरगना सुरेश पुजारी को बुधवार को दिल्ली से मुंबई लाया गया है। पुजारी को मंगलवार को फिलिपींस से पकड़ा गया था। दिल्ली पहुंचने के बाद माफिया सरगना पुजारी को महाराष्ट्र आतंकवादी निरोधक दस्ता (एटीएस) के हवाले कर दिया गया। पुजारी के खिलाफ मुंबई व ठाणे में जबरन वसूली के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
महाराष्ट्र एटीएस ने पुजारी को बुधवार की दोपहर दो बजे के करीब अपनी हिरासत में लिया। इससे पहले उसे दिल्ली से हवाई जहाज से मुंबई लाया गया था। फिलहाल उससे ठाणे में दर्ज वसूली के मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
कोर्ट ने पुजारी को 10 दिन के लिए एटीएस की हिरासत में भेजा
गिरफ्तारी के बाद एटीएस ने पुजारी को ठाणे के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। जहां मजिस्ट्रेट ने हिरासत आवेदन पर गौर करने के बाद पुजारी को 10 दिन यानी 25 दिसंबर तक के लिए एटीएस की हिरासत में भेज दिया।
मामले से जुड़े जांच अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक पुजारी के पास से दो इंटरनेशनल सिमकार्ड मिले हैं। अभी मामले की जांच प्रगति पर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश पुजारी माफिया सरगना रवि पुजारी का रिश्तेदार है। वर्ष 2007 में वह रवि पुजारी से अलग होने के बाद विदेश भाग गया था।
इससे पहले उसने रवि पुजारी के अलावा माफिया सरगना छोटा राजन के साथ भी काम किया था। बाद में उसने अपना अलग गिरोह बना लिया था। पुजारी के खिलाफ 20 दिसंबर 2016 को रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया था। जांच एजेंसी को पुजारी के फिलिपींस में होने की जानकारी मिली थी। वह पिछले 15 सालों से फरार था। अकेले ठाणे जिले में उसके खिलाफ वसूली के 23 मामले दर्ज हैं।
Created On :   15 Dec 2021 10:06 PM IST