CEC का होगा जल्द चयन: मुख्य चुनाव आयुक्त चयन के लिए 17 फरवरी को होगी बैठक, तीन सदस्यीय कमेटी में शामिल होंगे पीएम मोदी और राहुल गांधी

- जल्द होगा मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन
- CEC चयन के लिए 17 फरवरी को होगी बैठक
- चयन कमेटी में शामिल होंगे पीएम मोदी और राहुल गांधी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के चयन के लिए 17 फरवरी 2025 को बैठक बुलाई गई है। यह तीन सदस्यीय कमेटी की बैठक होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। यह तीनों नेता मिलकर मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन करेंगे।
इस वक्त CEC राजीव कुमार हैं। जिनका कार्यकाल 18 फरवरी को खत्म होने वाला है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यालय की अवधि) अधिनियम, 2023 के प्रावधानों को पहली बार सीईसी की नियुक्ति के लिए लागू किया जा रहा है।
राजीव कुमार ने लोकसभा चुनाव कराने निभाई अहम भूमिका
साल 2022 में राजीव कुमार CEC पद की जिम्मेदारी मिली है। उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग ने साल 2024 में सफलतापूर्वक लोकसभा चुनाव को कराया। साथ ही, जम्मू-कश्मीर में भी एक दशक से अधिक समय बाद वहां विधानसभा चुनाव हुए।
लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराए गए। इससे पहले साल 2023 में राजीव कुमार की अगुवाई में ही कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव कराए गए।
हाल में राजीव कुमार ने अपने रिटायरमेंट का किया था जिक्र
जनवरी महीने में दिल्ली चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए राजीव कुमार ने अपने रिटायरमेंट का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने बड़े ही मजाकिया अंदाज में कहा कि 13-14 सालों से काम के चलते उन्हें समय नहीं मिल पाया। अब वह रिटायर होने के बाद चार-पांच महीनों के लिए हिमालय में जाएंगे और वहां एकांत में मेडिटेशन करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के कार्यकाल के दौरान विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर बीजेपी का पक्ष लेने का आरोप लगाया। कांग्रेस के अलावा अन्य विपक्षी दलों ने कई बार ईवीएम को लेकर सवाल उठाए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बुधवार को कहा था कि चुनाव डेटा प्रणाली मजबूत है। इसमें कुछ भी गलत नहीं हो सकता है।
Created On :   14 Feb 2025 6:28 PM IST