कूनो नेशनल पार्क में फिर गूंजी किलकारी: वीरा ने दो नन्हें शावकों को दिया जन्म, सीएम बोले - 'मध्यप्रदेश की जंगलबुक में...'

- कूनों में नन्हें शावकों ने लिया जन्म
- मादा चीता वीरा ने दो शावकों को दिया जन्म
- कुल 26 हुई चीतों की संख्या
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता वीरा ने दो नन्हें शावकों को जन्म दिया है। अब पार्क में कुल चीतों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। इनमें 12 वयस्क जबकि 14 शावक हैं। सीएम मोहन यादव ने एक्स पर शावकों की फोटो शेयर कर उनके जन्म पर खुशी जताई है। उन्होंने नए चीतों के आगमन पर खुशी जताते हुए अधिकारियों, चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ को इन पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सीएम मोहन यादव ने लिखा, ''मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है कि मध्यप्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आज मादा चीता वीरा ने 2 नन्हें शावकों को जन्म दिया है, मध्यप्रदेश की धरती पर चीता शावकों का स्वागत है एवं प्रदेशवासियों को इन नन्हें शावकों के आगमन पर हार्दिक बधाई प्रेषित करता हूं। प्रोजेक्ट से संबंधित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों एवं फील्ड स्टाफ को बधाई, जिनके अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज मध्यप्रदेश को 'चीतों की धरती' के नाम से भी जाना जाता है।''
सीएम ने आगे कहा, ''प्रदेश में चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ने से प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिल रही है जिससे रोजगार के नये द्वार खुल रहे हैं। हम चीतों के साथ ही समस्त वन्यजीवों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्स्थापन हेतु सदैव तत्पर हैं।''
सीएम के साथ ही वनमंत्री भूपेंद्र यादव ने भी नन्हें शावकों के जन्म पर खुशी जताई। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "नन्हें चीतों की किलकारी से फिर गूंजा कूनो.. मध्य प्रदेश की 'जंगल बुक' में 2 चीता शावकों की दस्तक, मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत आनंद की अनुभूति हो रही है कि मध्य प्रदेश की धरती पर चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
बता दें कि साल 2022 में पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारत में चीता प्रोजेक्ट के तहत नामीबिया और उसके बाद साउथ अफ्रीका से 20 चीतों को भारत पुनर्वास के लिए लाया गया था। चीतों की बसाहट के लिए एमपी के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में उनके रहने योग्य वातावरण तैयार किया जा रहा था।
Created On :   5 Feb 2025 2:02 AM IST