नए सीईसी: ज्ञानेश कुमार ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला

- राम मंदिर निर्माण कमेटी का हिस्सा रहे
- 27, जनवरी 1964 को उत्तर प्रदेश के आगरा में जन्में
- ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के IAS अफसर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ज्ञानेश कुमार ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। वे भारत के 26वें सीईसी है। ज्ञानेश कुमार बिहार विधानसभा चुनाव और 2026 में केरल और पुडुचेरी , तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की देखरेख करेंगे। ज्ञानेश कुमार 31 जनवरी, 2024 को भारत सरकार के सहकारिता सचिव के रूप में सेवानिवृत्त हुए और 14 मार्च, 2024 को भारत निर्वाचन आयोग में उनकी बतौर चुनाव आयुक्त नियुक्ति हुई।
नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद कहा राष्ट्र निर्माण की पहली सीढ़ी मतदान है, 18 वर्ष और उससे अधिक की उम्र के हर भारतीय नागरिक को मतदाता बनना चाहिए और हमेशा वोटिंग करनी चाहिए। भारतीय संविधान, चुनावी कानूनों, नियमों और उसमें जारी निर्देशों के मुताबिक भारत का चुनाव आयोग मतदाताओं के साथ था है और हमेशा रहेगा।
केरल सरकार के सेक्रेटरी के रूप में, ज्ञानेश कुमार ने फाइनेंस रिसोर्सेज, फास्ट-ट्रैक प्रोजेक्ट्स और पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट जैसे कई अहम विभागों को संभाला। भारत सरकार में रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव, गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव, संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव और सहकारिता मंत्रालय में सचिव के रूप में सेवा का अनुभव है।
सोमवार देर रात कानून मंत्रालय ने बताया था कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का अगला मुख्य चुनाव आयुक्त और हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया।
27, जनवरी 1964 को उत्तर प्रदेश के आगरा में जन्में ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के केरल कैडर के IAS अफसर है। उन्होंने वाराणसी के क्वींस कॉलेज और लखनऊ के काल्विन तालुकेदार कॉलेज से अपनी शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद IIT कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक, आईसीएफएआई से बिजनेस फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएशन और और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से एनवायरमेंटल इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। वह केरल में एर्नाकुलम के असिस्टेंट कलेक्टर, अडूर के डिप्टी-कलेक्टर, केरल राज्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति विकास निगम के प्रबंध निदेशक, कोचीन नगर निगम के म्युनिसिपल कमिश्नर जैसे कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
Created On :   19 Feb 2025 10:20 AM IST