दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़: तीन बच्चों समेत 15 लोगों की हुई मौत, 15 लोग हुए घायल, रेल मंत्री ने दिए जांच के आदेश

- दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुआ बड़ा हादसा
- प्रयागराज जाने वालों की लगी भारी भीड़
- भगदड़ में 15 लोगों की हुई मौत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर शनिवार को भगदड़ मच गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। वहीं इस हादसे में 15 लोग घायल हैं। इसकी पुष्टि एनएनजीपी हॉस्पिटल के मुख्य आकस्मिक अधिकारी ने की।
मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर भीड़ होने की वजह से हुआ। दरअसल, प्रयागराज महाकुंभ जाने वाली दो ट्रेन लेट हो गई थीं। इसी वजह से भीड़ बढ़ी और भगदड़ मच गई।
रेल मंत्री ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। यात्रियों के लिए चार विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। कुछ और विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है। हादसे के बारे में डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि दो ट्रेनों के देरी से चलने और यात्रियों की अधिक संख्या के कारण भीड़ बहुत अधिक हो गई थी। कुछ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। 15-20 मिनट के अंतराल में भारी भीड़ के कारण यह स्थिति हुई। यह तब हुआ जब एक विशेष ट्रेन की घोषणा की गई और लोग उस ट्रेन को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।
राजनाथ सिंह ने जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दुखद समाचार। रेलवे प्लेटफॉर्म पर भगदड़ के कारण हुई मौतों से मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी ने घटना के बारे में मीडिया को बताया, "स्टेशन (नई दिल्ली रेलवे स्टेशन) पर कोई RPF या पुलिस नहीं थी। स्टेशन पर भारी भीड़ थी। 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। मेरे रिश्तेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
Created On :   16 Feb 2025 12:55 AM IST