साहित्य सम्मलेन: दिल्ली में 98वां मराठी साहित्य महोत्सव शुरू, शोभायात्रा निकली

- पीएम मोदी ने साहित्य सम्मलेन का आधिकारिक उद्घाटन किया
- सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय की भव्य झांकी लगी
- 71 वर्षों के बाद आयोजित हो रहा है मराठी साहित्य महोत्सव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली तालकटोरा स्टेडियम में आज शुक्रवार से 98 वां अखिल भारतीय मराठी साहित्य महोत्सव शुरू हुआ। इस खास मौके पर पारंपरिक परिधान पहने तथा ढोल नगाड़ों के साथ साहित्य प्रेमियों ने पुस्तकों की औपचारिक शोभायात्रा निकाली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहित्य सम्मलेन का आधिकारिक उद्घाटन किया। विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम देवेंद्र फडणवीस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-सपा प्रमुख शरद पवार सहित मराठी साहित्य संघ से जुड़े तमाम लोगों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के पहले सुबह ग्रन्थ यात्रा का आयोजन किया गया, पुराने संसद भवन से यह यात्रा रवाना हुई और कार्यक्रम स्थल तक पहुंची।
यात्रा में कई पुस्तक प्रेमियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। यात्रा में शामिल सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय की भव्य झांकी सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। मराठी साहित्य सम्मेलन का भव्य आगाज सरहद, पुणे और अखिल भारतीय मराठी साहित्य महामंडल द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है।
आपको बता दें राष्ट्रीय राजधानी में 98 वां अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन 71 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने एक साल पहले ही मराठी को शास्त्रीय भाषा के रूप में मान्यता दी थी।
Created On :   21 Feb 2025 6:43 PM IST