Sudan plane accident: गृहयुद्ध से जूझ रहे सूडान में बड़ा विमान हादसा, घर से टकराया सैन्य विमान हादसे में 46 की मौत

- सूडान में बड़ा विमान हादसा
- घर से टकराया सेना का विमान
- सैन्यकर्मियों समेत 46 की मौत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सूडान के ओमदुरमान शहर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक सूडानी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 46 लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में सैन्यकर्मियों के साथ नागरिक भी शामिल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक विमान ओमदुरमान के उत्तर में वादी सईदना एयरबेस से उड़ान भर रहा था, लेकिन उड़ान के कुछ समय बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हालांकि सेना की ओर से अभी दुर्घटना के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। वहीं सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पीड़ितों के शवों को ओमदुरमान के नाउ अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। यहां पांच गंभीर रूप से घायल लोगों का भी इलाज किया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक देश की अर्द्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएएफ) के साथ संघर्ष में लगी सूडानी सेना ने इस हादसे के पीछे की वजह तकनीकी खराबी को बताया है।
वहीं, चश्मदीदों ने बताया कि एक दम से जोरदार विस्फोट हुआ और घरों को भारी नुकसान पहुंचा, साथ ही आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई। यह हादसा उसी दिन हुआ जब आरएएफ ने दक्षिण दारफुर के न्याला में एक लड़ाकू विमान को गिराने की जिम्मेदारी ली थी।
बता दें कि सूडान अप्रैल 2023 से गृहयुद्ध में उलझा हुआ है। यहां सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के बीच संघर्ष चल रहा है। इस दौरान देश का दारफुर इलाका गृहयुद्ध से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। यहां सामूहिक बलात्कार और जातीय रूप से प्रेरित हत्याओं समेत अन्य अपराध बड़ी मात्रा में हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गृहयुद्ध में अब तक 24 हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं, वहीं 14 मिलियन से ज्यादा विस्थापित हुए हैं।
Created On :   26 Feb 2025 3:22 PM IST