रूस-यूक्रेन युद्ध: पुतिन और सऊदी के क्राउन प्रिंस की फोन पर हुई बात, क्या यू्क्रेन के साथ युद्धविराम पर बनेगी बात?

- रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध
- पुतिन ने सऊदी अरब के प्रिंस से फोन पर की बात
- युद्धविराम समेत कई मुद्दों पर की चर्चा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। इस बीचरूस के ऱाष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार देर रात सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों ने रूस-यूक्रेन युद्ध को सीजफायर करने के मुद्दे पर चर्चा की। जबकि, इसी दौरान रूसी के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस और अमेरिका के बीच संबंधों को सामान्य करने के संबंध में सऊदी अरब की मध्यस्थता पर भी मंथन किया।
क्रेमलिन ने जारी किया बयान
इस संबंध में क्रेमलिन की ओर से बयान जारी किया गया है। इस बयान के मुताबिक, फरवरी में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस और संयुक्त राज्य अमेरिका के राजनयिकों के बीच हुई बातचीत की मेजबानी करने के लिए सऊदी अरब के मध्यस्थता के प्रयासों के लिए भी सऊदी क्राउन प्रिंस को धन्यवाद दिया।
जबकि, सऊदी अरब की सरकारी न्यूज एजेंसी की शुक्रवार की रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी क्राउन प्रिंस ने रूसी राष्ट्रपति से कहा कि उनका शासन बातचीत को पूर्ण रूप से सुविधाजनक बनाने और यूक्रेन संकट के बीच राजनीतिक समाधान का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
युद्धविराम पर हुई बातचीत
इस बीच क्रेमलिन ने गुरुवार की देर रात को अपने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच फोन पर यूक्रेन संकट के अलावा OPEC+ के मुद्दे पर भी बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने OPEC+ की प्रतिबद्धताओं को बनाए रखने के महत्व को लेकर एक-दूसरे से सहमति जताई। क्रेमलिन ने बयान में कहा कि दोनों देशों के नेताओं ने OPEC+ समझौते के तहत अपनी सभी दायित्वों की पूर्ति करने के लिए एक-दूसरे से अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शांति स्थापित करने के लिए रूस, यूक्रेन और अमेरिकी राजनयिक और अधिकारी सऊदी अरब में शांति वार्ता कर रहे हैं। इसके तहत रूस और यूक्रेन के बीच शांति स्थापित करने के लिए पहले चरण की बातचीत हो चुकी है। इस दौरान अमेरिका की ओर से 30 दिनों का युद्धविराम का प्रस्ताव दिया गया है। जिसपर यूक्रेन और रूस दोनों ने अपनी सहमति दी है।
Created On :   14 March 2025 2:42 PM IST