नोबेल पुरस्कार 2024: अमेरिकी वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को मिला मेडिसिन का नोबेल, माइक्रो RNA की खोज के लिए हुए सम्मानित

अमेरिकी वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को मिला मेडिसिन का नोबेल, माइक्रो RNA की खोज के लिए हुए सम्मानित
  • नोबेल पुरस्कार 2024 के ऐलान की हुई शुरूआत
  • अमेरिकी वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को मिला मेडिसिन का नोबेल
  • माइक्रो आरएनए की खोज के लिए हुए सम्मानित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नोबेल पुरस्कार 2024 के लिए विजेताओं का ऐलान आज यानी सोमवार से शुरू हो गया है। इसके अंतर्गत आज मेडिसिन या फिजियोलॉजी के क्षेत्र में नोबेले पुरस्कार की घोषणा की गई। इस कैटेगरी में इस साल अमेरिकी वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को नोबेल मिला है। उन्हें यह सम्मान उनके द्वारा की गई माइक्रो आरएनए की खोज के लिए दिया गया है। नोबेल असेंबली के मुताबिक वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन की खोज से यह समझना आसान होगा कि मानव समेत अन्य जीव किस तरह से विकसित होते हैं और कैसे कार्य करते हैं।

इंसान के शरीर में माइक्रो आरएनए के बगैर सेल (कोशिका) और टिश्यू (ऊतक) डेवलेप नहीं हो सकते। हालांकि, माइक्रो आरएनए में असाधारण परिवर्तन के चलते कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां पैदा हो सकती हैं। माइक्रो आरएनए की जीन कोडिंग में म्यूटेशन होने के कारण इंसानों के शरीर में सुनने की क्षमता, आंखों और शारीरिक बनावट में समस्या आती हैं।

इनाम के रूप में मिलेगी इतनी राशि

बता दें कि 7 अक्टूबर से नोबेल पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा होना प्रारंभ हो गया है जो कि 14 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान विज्ञान, अर्थशास्त्र, साहित्य और शांति जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाले लोगों को नोबेल प्राइज दिया जाएगा। दुनिया के इस सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार विजेता को 8.90 करोड़ रुपये कैश इनाम के रूप में दिए जाएंगे।

कब हुई थी शुरूआत?

साल 1901 से नोबेल पुरस्कार की शुरूआत हुई थी। तब से लेकर अब तक यानी 123 सालों में 229 लोगों को मेडिसिन के क्षेत्र में इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 2023 में यह पुरस्कार कैटलिन कारिको और ड्रू वीसमैन को मिला था। तब इन दोनों की दी गई mRNA टेक्नोलॉजी से बनी कोरोना वैक्सीन से दुनिया कोविड जैसी जानलेवा बीमारी से बाहर निकल पाई थी।

Created On :   7 Oct 2024 1:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story