परमाणु हथियारों से लड़ा जाएगा तीसरा विश्व युद्ध: रूसी विदेश मंत्री

- रूस की सेना यूक्रेन को परमाणु हथियार प्राप्त करने की अनुमति नहीं देगी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने चेतावनी दी है कि तीसरा विश्व युद्ध परमाणु हथियारों से लड़ा जाएगा और यह काफी विनाशकारी होगा।
डेली मेल की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
नाटो को यूक्रेन में शामिल नहीं होने को लेकर दी गई एक अप्रत्यक्ष चेतावनी में लावरोव ने कहा कि भविष्य में अगर कोई भी विश्व युद्ध होता है तो वह परमाणु हथियारों से लड़ा जाएगा। उनका यह बयान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा चेतावनी दिए जाने के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिसमें पुतिन ने चेताया था कि यूक्रेन में सेना भेजने वाले किसी भी देश को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
विदेश मंत्री ने दावा किया कि मॉस्को यूक्रेन में शांति प्राप्त करने के उद्देश्य से वार्ता के दूसरे दौर में प्रवेश करने के लिए तैयार है। उन्होंने बातचीत के बीच में बाधा के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया।
लावरोव ने कहा कि मॉस्को कीव के साथ दूसरे दौर के बातचीत की तैयारी कर रहा है, लेकिन यूक्रेनी पक्ष अमेरिका के इशारों पर अपने पैर पीछे खींच रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रूस किसी भी कीमत पर यूक्रेन को परमाणु शक्ति संपन्न होने की मंजूरी नहीं देगा।
वार्ता के करीबी एक रूसी सूत्र ने कहा कि दूसरे दौर की वार्ता बुधवार को बेलारूसी-पोलिश सीमा के करीब होनी है।
लावरोव ने बुधवार की सुबह यह कहकर यूक्रेन पर आक्रमण को सही ठहराने की कोशिश की कि रूस की सेना यूक्रेन को परमाणु हथियार प्राप्त करने की अनुमति नहीं देगी।
(आईएएनएस)
Created On :   2 March 2022 10:30 PM IST