पुतिन ने मारियुपोल में अजोवस्टल संयंत्र को बंद करने का आदेश दिया

- विशाल औद्योगिक क्षेत्र पर हमला करना अव्यावहारिक- पुतिन
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में अजोवस्टल संयंत्र पर धावा बोलने के बजाय उसे बंद करने का आदेश दिया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने स्थानीय मीडिया के हवाले से कहा कि यह आदेश तब दिया गया, जब रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने पुतिन को बताया कि रूसी सेना ने संयंत्र के अलावा मारियुपोल को नियंत्रित कर लिया है, जहां यूक्रेनी सैनिक छिपे हुए थे।
यूक्रेनी लड़ाके शहर के विशाल इस्पात संयंत्र में शरण लिए हुए हैं और कथित तौर पर लगभग 1,000 नागरिक विकट परिस्थितियों में रह रहे हैं। शोइगु ने पहले पुतिन को बताया था कि 2,000 से अधिक यूक्रेनी लड़ाके अभी भी संयंत्र में हैं, जिसमें एक व्यापक भूमिगत बंकर है।
रूसी हमले के खिलाफ हफ्तों तक डटे रहने के लिए यूक्रेनी नौसैनिकों को राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की द्वारा सम्मानित किया गया है। अपने रक्षा मंत्री के साथ एक बैठक में, पुतिन ने औद्योगिक क्षेत्र पर अपना अधिकार स्थापित करने के बजाय, अपनी सेना को इस औद्योगिक क्षेत्र को बंद करने के लिए कहा, ताकि कोई भी बच न पाए। उन्होंने कहा कि विशाल औद्योगिक क्षेत्र पर हमला करना अव्यावहारिक होगा, जहां 2,000 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों के रहने की बात कही गई है और यह निर्णय रूसी सैनिकों के जीवन की सुरक्षा के लिए लिया जा रहा है।
(आईएएनएस)
Created On :   21 April 2022 5:00 PM IST