कोरोना वायरस: चीन के 5 शहर सील, 2 करोड़ लोग घरों में कैद, भारत की भी टेंशन बढ़ीं

- 700 भारतीय वुहान और आसपास के इलाकों में रहते हैं
- कोरोना वायरस के कारण बस
- ट्रेन
- हवाई जहाज
- सब-वे और नौकाएं बंद
- चीन में वायरस से 17 लोगों की मौत
- 630 लोग गंभीर रूप से बीमार
डिजिटल डेस्क, बीजिंग/नई दिल्ली। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए चीन सरकार ने गुरुवार को वुहान सहित 5 शहरों को पूरी तरह सील कर दिया है। इसके साथ ही इन शहरों में रहने वाले 2 करोड़ लोगों के घर से निकलने पर रोक लगा दी गई है। देशभर में अब तक इस वायरस के संक्रमण से 630 से ज्यादा लोग बीमार हुए हैं। इसके अलावा 17 लोगों की मौत भी चुकी है। इस वायरस के कारण भारत की भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अकेले वुहान में ही 700 भारतीय रहते हैं, जिनमें अधिकतर छात्र हैं।
चीन सरकार ने गाड़ियों, ट्रेनों, विमानों समेत आवागमन के विभिन्न माध्यमों को रोक दिया गया है। सिर्फ वुहान और हुगांग की ही जनसंख्या करीब 2 करोड़ है। चीनी अधिकारियों ने गुरुवार शाम हुबेई प्रांत में 5 शहरों- हुगांग, एझाओ, झिजियांग, क्विनजिआंग और वुहान में सार्वजनिक परिवहन को रोकने की घोषणा की।
700 भारतीय छात्र वुहान और आसपास के इलाकों में रहते हैं
जानकारी अनुसार हुबेई प्रांत में रहने वाले भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों की सहायता के लिए हॉटलाइन स्थापित की है। भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा कि चीनी अधिकारियों ने प्रांत में रह रहे भारतीयों को खाद्य आपूर्ति सहित सभी सहयोग का आश्वासन दिया है। भारत की चिंता कारण ये है कि, करीब 700 भारतीय छात्र वुहान और आसपास के इलाके में रहते हैं। इन छात्रों में ज्यादातर चीनी विश्वविद्यालयों में चिकित्सा की पढ़ाई करते हैं।
सऊदी में भारतीय नर्स वायरस की चपेट में
उधर, सऊदी अरब में कार्यरत केरल की रहने वाली एक नर्स को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने की खबर मिलने के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को अरब देश से बात कर मामले में संज्ञान लेने और उचित इलाज मुहैया कराने के संबंध में पत्र लिखा है। बता दें कि भारत में दिल्ली, मुंबई और कोलकाता समेत सात हवाईअड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग के जरिए चीन से आनेवाले यात्रियों की जांच की जा रही है।
हांगकांग से लेकर यूएस तक में मिले मामले
इस बीच कई अन्य देशों में भी कोरोनावायरस मिलने की पुष्टि हुई है। थाईलैंड में चार, और अमेरिका, ताइवान, जापान, कोरिया गणराज्य में एक-एक केस मिले हैं। हांगकांग और मकाओ में भी कई मरीज मिले हैं।
एशिया भर में आर्थिक असर
चीन में हालात से हांगकांग और शंघाई स्टॉक मार्केट करीब 1.5 प्रतिशत गिर गया। वहीं चीन की मुद्रा युआन में भी दो हफ्ते की सर्वाधिक गिरावट आई है। वहीं त्यौहारी समय में रिलीज होने जा रही सात फिल्में भी चीन में टाल दी गई हैं।
सैकड़ों उड़ानें रद
वुहान मध्य चीन में उद्योग और वाणिज्य का केंद्र माना जाता है। यहां से बृहस्पतिवार को 566 उड़ानें जानी थीं। सुबह 11:30 बजे चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (सीएएसी) के उड़ानों पर रोक के आदेश आने के बाद इनमें से 288 को रद कर दिया गया है। रोजाना औसतन 30 हजार यात्री इन विमानों से बाहर जाते हैं, वे सभी यहां फंस गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक हैं।
अभी कोई वैक्सीन नहीं
फिलहाल इस वायरस को रोकने के लिए कोई टीका नहीं है। इसके लक्षणों में बुखार, सांस लेने में तकलीफ और खांसी दर्ज किए गए हैं। कई लोगों को सांस की गई परेशानियां भी आ रही हैं।
भारत सतर्क, दुनिया भर में जांच
- भारत में मंगलवार तक सात हवाईअड्डों पर 43 उड़ानों में सवार कुल 12,828 यात्रियों की अत्याधुनिक थर्मल इमेजिंग कैमरे से विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। कोई संक्रमित नहीं।
- तुर्की में हवाईअड्डों पर विदेश, खासकर चीन से आए यात्रियों की थर्मल कैमरों से जांच की जा रही है। संक्रमित मरीजों के लिए विशेष एंबुलेंस और चिकित्सा केंद्र बनाए गए हैं।
- उत्तर कोरिया ने विदेशी पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया में भी स्वास्थ्य विभाग ने सभी हवाईअड्डों पर व्यापक जांच शुरू की है।
देशों में सामने आए मामले
देश | मामले | मौत |
चीन | 571 | 17 |
थाईलैंड | 4 | 0 |
जापान | 1 | 0 |
मकाऊ | 1 | 0 |
जापान | 1 | 0 |
दक्षिण कोरिया | 1 | 0 |
ताइवान | 1 | 0 |
अमेरिका | 1 | 0 |
माना जा रहा है कि वायरस जानवर से फैला है
अमेरिका के 5 हवाई अड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। लंदन से मॉस्को तक के हवाई अड्डों पर भी जांच की जा रही है। डब्ल्यूएचओ ने पुष्टि की है कि प्रभावित लोगों के संपर्क में आने पर यह फैल सकता है। माना जा रहा है कि जानवर से यह वायरस फैला। चीन के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के निदेशक गाओ फू ने कहा कि हम पहले से ही जानते हैं कि बीमारी एक ऐसे जगह से पनपी, जहां अवैध तरीके से जंगली जानवरों की खरीद-बिक्री होती है।
Created On :   24 Jan 2020 4:10 AM IST