अमेरिका चुनाव 2024: सर्वे में कमला हैरिस ट्रंप को दे रही हैं मात, इतिहास रचने के करीब हैं अमेरिकी उपराष्ट्रपति!

सर्वे में कमला हैरिस ट्रंप को दे रही हैं मात, इतिहास रचने के करीब हैं अमेरिकी उपराष्ट्रपति!
  • कमला के पास इतिहास रचने का मौका
  • सर्वे में कमला हैरिस ट्रंप को दे रही हैं मात
  • डेमोक्रेट्स जल्द करेंगे राष्ट्रपति उम्मीदवार का ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाले हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से कमला हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप दोनों ही नेता राष्ट्रपति पद की रेस में बने हुए हैं। इस बीच रॉयटर्स-इप्सोस ने सर्वे की रिपोर्ट से बड़ा खुलासा किया है। रॉयटर्स-इप्सोस ने सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि कमला हैरिस राष्ट्रपति पद की रेस में डोनाल्ड ट्रंप से आगे निकल चुकी हैं। सर्वे रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रविवार को किए गए तीन दिवसीय सर्वेक्षण में कमला अभी 1 प्रतिशत वोट से आगे चल रही हैं।

सर्वे में आगे कमला हैरिस

पिछले सप्ताह सोमवार और मंगलवार को रॉयटर्स-इप्सोस ने सर्वे के माध्यम से कहा कि अमेरिका में 44 फीसदी मतदाता राष्ट्रपति पद के लिए मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को पहली पसंद मानते हैं। वहीं, 42 फीसदी मतदाता ट्रंप को समर्थन करते हैं। इसके अलावा रविवार को समाप्त हुए एक अन्य तीन दिवसीय सर्वेक्षण में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को 42 फीसदी लोगों ने रेटिंग की है। वहीं, 43 फीसदी लोगों ने कमला हैरिस को वोट दिया है। यह ऑनलाइन सर्वेक्षण 26 से 28 जुलाई के बीच करवाया गया। जिसमें अमेरिका के लोगों ने अपनी पसंद को रेटिंग की है।

कमला के पास इतिहास रचने का मौका

गौरतलब है कि भारतीय मूल की डेमोक्रेट नेता कमला हैरिस अमेरिका में राष्ट्रपति पद की रेस में बनी हुई हैं। अगर कमला राष्ट्रपति बनती हैं तो वह अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी। बता दें कि, कमला पहली अमेरिकी उपराष्ट्रपति भी हैं। ऐसे में कमला हैरिस के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।

हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस की दौड़ से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने साफ कहा कि अब वह राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। जिसके बाद उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से कमला हैरिस का नाम आगे बढ़ाया। हालांकि, अभी तक डेमोक्रेट्स ने आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। डेमोक्रेट नेता 7 अगस्त को राष्ट्रपति उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा करेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कमला हैरिस राष्ट्रपति उम्मीदवार की रेस में कहीं ज्यादा आगे हैं।

Created On :   31 July 2024 11:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story