यूएस इलेक्शन: नवंबर के पहले मंगलवार को ही क्यों होता है प्रेसिडेंट इलेक्शन? खेत-खलिहान और किसान से जुड़ा है 170 साल पुराना दिलचस्प इतिहास

नवंबर के पहले मंगलवार को ही क्यों होता है प्रेसिडेंट इलेक्शन? खेत-खलिहान और किसान से जुड़ा है 170 साल पुराना दिलचस्प इतिहास
  • हर बार नवंबर के पहले मंगलवार को होता है यूएस राष्ट्रपति चुनाव
  • 170 साल से चली आ रही परंपरा
  • 5 नवंबर को कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच होगी मुकाबला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त राज्य अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं रह गया है। हर बार की तरह इस बार भी यह चुनाव नवंबर के पहले मंगलवार को ही किया जा रहा है। 5 नवंबर, 2024 को होने वाला यह चुनाव अमेरिकी राजनीति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। यह मुकाबला डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप के बीच है। इस मुकाबले में अगर कमला हैरिस जीतती हैं तो वह अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनेंगी। आपको बता दें कि, अमेरिका में पिछले ढाई सौ साल के इतिहास में कोई भी महिला राष्ट्रपति नहीं बनी हैं। वहीं, दूसरी ओर अगर डोनाल्ड ट्रंप जीतते हैं तो इस पद पर यह उनकी दूसरी जीत होगी। यह चुनाव न केवल अमेरिका के भविष्य को प्रभावित करेगा बल्कि वैश्विक राजनीति पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। बता दें कि, संयुक्त राज्य अमेरिका में अमेरिकी चुनाव से जुड़ी कई दिलचस्प जानकारियां आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं। जिनमें से एक इंटरेस्टिंग फैक्ट अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर है। वो यह है कि, अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव नवंबर के पहले मंगलवार को ही किया जाता है। यह परंपरा लंबे समय यानी 170 साल से चली आ रही है। तो ऐसे में आइए आज हम अमेरिकी चुनाव से जुड़े इस इतिहास को थोड़ा ब्रीफ में जानने की कोशिश करते हैं।

चुनाव का दिन मंगलवार ही क्यों चुना गया?

अमेरिका में इस इतिहास की शुरूआत 1845 में हुई, जब अमेरिकी कांग्रेस में एक्ट पास हुआ था। इस एक्ट में अमेरिकी कांग्रेस ने यह नियम बनाया कि राष्ट्रपति चुनाव नवंबर के पहले मंगलवार को किया जाएगा। इससे पहले, राज्यों को दिसंबर के पहले बुधवार से पहले 34 दिनों का समय मिलता था। इस 34 दिनों के भीतर किसी भी समय चुनाव कराने की अनुमति थी। लेकिन इसमें कुछ खामियां आने लगी। दरअसल बात यह है कि, उस समय अमेरिका मुख्य रूप से एक कृषि प्रधान देश था। ज्यादातर नागरिक किसान थे, जो खेतों में काम करते थे। तो इसलिए इस चुनाव की तारीख का चयन इस तरह से किया गया था ताकि, किसान और व्यापारियों को कोई असुविधा न हो। इसका एक और कारण यह था कि, रविवार को उनके चर्च जाने का दिन था जिसके कारण यात्रा संभव नहीं हो पाती थी। फिर सोमवार को लंबी यात्रा करने के बाद उन्हें मतदान करने के लिए मंगलवार को ही समय मिलता था। साथ ही, बुधवार को किसानों के बाजार का दिन हुआ करता था। तो कुल मिलाकर अमेरिका के नागरिकों की सुविधा को देखते हुए मंगलवार का दिन चुनाव का सबसे सही विकल्प था। इस तरह नवंबर के पहले मंगलवार को चुनाव की परंपरा बनी, जो आज भी जारी है।

चुनाव का महीना नवंबर ही क्यों?

नवंबर में चुनाव कराना सुविधाजनक माना गया था। ऐसा इसलिए क्योंकि, नवंबर वह समय था जब फसल कटाई का काम पूरा हो जाता था और किसानों के पास मतदान के लिए समय होता था। बात यह थी कि, सर्दियों की शुरुआत से पहले यात्रा करना आसान होता था, जिससे लोग मतदान केंद्रों तक आसानी से पहुंच सकते थे। वसंत ऋतु उनके लिए खेती का समय होता था और गर्मियों में उन्हें खेत में काम करना पड़ता था। तो ऐसे में नवंबर की शुरुआत तक फसलों की कटाई हो चुकी रहती थी और वे पूरी तरह से स्थिर हो जाते थे। इसलिए, अमेरिका में नवंबर का महीना ही चुनाव के लिए सबसे उपयुक्त माना गया। आज भले ही वहां टेक्नोलॉजी और ट्रांसपोर्टेशन ने चीजों को बदल दिया है, लेकिन यह परंपरा अभी भी कायम है। आज भी अमेरिका में नवंबर के पहले मंगलवार को चुनाव होते हैं, जो अमेरिकी लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

Created On :   25 Oct 2024 12:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story