पंजाबी सिंगर अल्फाज पर हमला, गंभीर हालत के बाद अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद अब एक और पंजाबी सिंगर पर हमले का मामला सामने आया है। यो यो हनी सिंह के दौर में सुर्खियां बटोरने वाले अल्फाज फिलहाल गंभीर रूप से घायल हैं और मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना मोहाली में लांडरा रोड पर एक रेस्टोरेंट की है। यहहां मामूली कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने सिंगर पर हमला कर दिया। पॉप सिंगर हनी सिंह ने अल्फाज पर हुए हमले की जानकारी अपने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर शेयर कर दी। घटना की जनकारी लगते ही मौके पर थाना पुलिस सुहाना जायजा लेने पहुंची।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। जल्द ही पुलिस को लीड मिल सकती है। पुलिस को विक्की नाम के व्यक्ति पर हमले का शक है। जानकारी के मुताबिक, सोहाना पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश चल रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल गंभीर है हालत
यो यो हनी सिंह ने एक पोस्ट कर अल्फाज की हालत के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अभी अल्फाज की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें दुआओं की जरुरत है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर पट्टियां बंधी हुई हैं। वह बेसुध हैं। सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना स्थल से पता चला कि मारपीट के बाद टेंपू ट्रैवल से भी अल्फाज को रौंदा गया है। हनी सिंह ने इस तस्वीर के साथ लिखा कि जो भी इस हमले के पीछे है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
आपको बता दें, जब यो यो हनी सिंह युवा वर्ग के बीच लोकप्रियता के झंडे गाड़ रहे थे तब अल्फाज ने उनके साथ हाय मेरे दिल से गाने से फेम बटोरा था। उन्होंने बॉलीवुड में बर्थडे बैश गीत भी गाया था। चंडीगढ़ में जन्मे अल्फाज का असली नाम अनजोत सिंह पन्नू है।
Created On :   3 Oct 2022 10:03 AM IST