पुनिया की छत्तीसगढ़ से छुट्टी, कुमारी शैलजा प्रदेश कांग्रेस की नई प्रभारी

डिजिटल डेस्क, रायपुर। पिछले पांच साल से प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रहे पीएल पुनिया की छत्तीसगढ़ से छुट्टी हो गई है। उनकी जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को नया प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार देर रात इसके आदेश जारी किए। कुमारी शैलजा की नियुक्ति को 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पुनिया को उनका कार्यकाल पूरा होने के कारण हटाया गया है।
रणनीति के तहत लाई गईं शैलजा
पार्टी सूत्रों के मुताबिक कुमारी शैलजा को छग का प्रदेश प्रभारी बनाये जाने की रणनीति पर करीब तीन महीने पहले ही काम शुरू हो चुका था। इस साल सितम्बर में वे पहली बार छत्तीसगढ़ आई थीं। उनको भारत जोड़ो यात्रा के बारे में प्रेस वार्ता की जिम्मेदारी मिली थी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की थी। इन मुलाकातों के बाद ही यह संकेत मिलने लगे थे कि शैलजा को कांग्रेस छत्तीसगढ़ भेज सकती है।
भाजपा का तंज, सुलह नहीं करा पाए इसलिए हटाए गए
पूर्व मंत्री तथा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ने प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बदले जाने पर कांग्रेस तंज कसते हुए कहा, प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के आगे पुनिया बेबस हो चुके थे। 4 साल में वे यहां के नेताओं में सुलह नहीं करा पाए, इसलिए उन्हें हटा दिया गया। मंगलवार को जारी किए गए अपने बयान में मूणत ने कहा, चुनाव से ठीक 1 साल पहले पीएल पुनिया की छुट्टी किया जाना, इस बात को दर्शाता है कि बीते 4 साल में कांग्रेस के भीतर दिखाई दे रही गुटबाजी को अब केंद्रीय नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया है।
Created On :   8 Dec 2022 3:12 PM IST