आर्थिक संकट के बीच पाकिस्तानी शादी में हुई नोटों की बारिश, लोगों ने जताई नाराजगी, एक्टर सेमी खान बोले- ये वही देश है जहां गरीब.....

डिजिटल डेस्क मुंबई। पाकिस्तान इन दिनों आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि लोगों के पास सब्जी खरीदने के भी पैसे नहीं हैं। दूध और आटे के दाम आसमान छू रहे हैं। स्थिति इतनी खराब है कि देशवासी जरुरतों की चीजों के लिए तरस रहे हैं। इसी बीच पाकिस्तान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। इसे देखने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वहीं पाकिस्तान के एक्टर समी खान ने भी नाराजगी जाहिर की है।
पाकिस्तानी शादी में नोटो की बारिश
वायरल वीडियो पाकिस्तान की एक शादी का है। यह शादी पाकिस्तान के मंडी बहाउद्दीन शहर में हुई थी। शेयर किए गए वीडियो में छत के ऊपर से पैसों की बारिश हो रही है, वहीं घर के बाहर खड़े लोग मछली पकड़ने वाले जाले से पैसे बटोर रहे हैं। नोटों की बारिश का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
एक्टर समी खान का फूटा गुस्सा
बता दें कि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर पाकिस्तानी एक्टर समी खान के अपनी नाराजगी जाहिर की है। समी ने अपनी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘ये वही मुल्क है जहां एक गरीब अपने बच्चों के लिए आटे की लाइन में मर जाता है। वहशी की इंतहा देखिए। पाकिस्तानी एक्टर समी खान की बात करें तो उनका असली नाम मनसूर असलम खान नियाजी है। समी पाकिस्तानी सिनेमा के मशहूर एक्टर हैं।
भड़के लोग
इस पाकिस्तानी शादी के वीडियो ने हर किसी को परेशान करके रख दिया है। वायरल वीडियो पर लोग भी भड़के हुए हैं। एक यूजर ने लिखा- कयामत बहुत करीब है। दूसरे यूजर ने लिखा- हम किस राह पर चल रहे हैं? तीसरे यूजर ने लिखा- अल्लाह का खौफ भी नहीं रहा लोगों में। गरीब एक रोटी के लिए मर रहा है और इन लोगों के पास इतना पैसा है कि लोगों को देने के बजाए फेंक रहे हैं।
Created On :   13 Jan 2023 10:39 AM IST