महाभारत के शकुनि मामा की हालत गंभीर, शूटिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत, आईसीयू में हुए भर्ती

डिजिटल डेस्क, मुंबई। 1988 में आए बीआर चोपड़ा के चर्चित शो महाभारत में शकुनि मामा का किरदार निभाकर देश के घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता गूफी पेंटल की तबीयत खराब है। वह इस समय मुंबई के अंधेरी स्थित एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। जानकारी के मुताबिक, अपने एक प्ले की तैयारी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अब उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। उनके भतीजे हितेन ने उनका हेल्थ अपडेट दिया है।
भतीजे ने शेयर किया हेल्थ स्टेट्स
गुफी की हेल्थ को लेकर उनके भतीजे हितेन ने कहा, 'गूफी अंकल लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों के चलते ठीक कंडीशन में नहीं थे। शुरू में उन्हें दिल और गुर्दे के कुछ इश्यू थे। लेकिन डॉक्टर्स द्वारा दी गई ताजा अपडेट के मुताबिक अब वो पहले से ठीक हालत में हैं।' उन्होंने कहा,' हम उम्मीद कर रहे हैं कि वो जल्दी ठीक हो जाएं और जल्द ही हम सबके बीच आ जाएं। वहीं उनके छोटे भाई ने कहा, हम उनके साथ हैं और आशा करते हैं कि वो जल्द ही ठीक हो जाएं।'
इससे पहले उनके बेटे हैरी पेंटल, उनके दोस्त और साथी कलाकार गजेंद्र चौहान और दोस्त टीना घई ने भी उनकी तबीयत को लेकर अपडेट दिया था। सबसे पहले गूफी की हेल्थ को लेकर जानकारी टीना घई ने सोशल मीडिया के जरिए दी थी। टीना ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि '2 जून को गूफी अपने एक प्ले की तैयारी कर रहे थे। वह अपने किरदार की लाइनें याद कर रहे थे लेकिन अचानक वह अनकंफर्टेबल महसूस करने लगे। जब उनकी तबीयत खराब हुई तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जब उनके टेस्ट किए तो पता चला कि उनको दिल और किडनी से जुड़ी कुछ समस्याएं थीं। लेकिन राहत की बात यह है कि फिलहाल वह स्थिर हैं और उनकी हेल्थ में सुधार हो रहा है।'
हरफनमौला कलाकार हैं गूफी
बता दें कि महाभारत और अन्य कई टीवी शोज व फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाने वाले 79 वर्षीय गूफी एक अच्छे कलाकार होने के साथ-साथ ही एक अच्छे लेखक व निर्देशक भी हैं। उन्होंने महाभारत के अलावा देस परदेश, दिल्लगी, मैदान-ए-जंग, सुहाग और रफू चक्कर जैसी फिल्मों में एक्टिंग करने के अलावा चैतन्यमहाप्रभू फिल्म को निर्देशित भी किया है।
Created On :   3 Jun 2023 6:21 PM IST