VIDEO : इस प्राचीन मंदिर में स्वयं पधारे थे 'शनिदेव', होता है 16 श्रृंगार
![Amazing temple of lord shani dev who located at indore Amazing temple of lord shani dev who located at indore](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2017/10/amazing-temple-of-lord-shani-dev-who-located-at-indore_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शनिवार, शनिदेव का दिन माना जाता है। ये कर्म के अनुसार ही मनुष्य को दण्ड देते हैं। इसलिए इन्हें न्याय का देवता भी कहा जाता है। यहां आज हम आपको एक ऐसे शनि मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अन्य मंदिरों से एकदम अलग है। यहां शनिदेव की प्रतिमा का स्वरूप भी सबसे निराला नजर आता है। यह मंदिर मध्यप्रदेश जूनी इंदौर के अहिल्या नगर स्थित है। ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर में शनि देवता स्वयं पधारे थे। इसका निर्माण किसी व्यक्ति ने नहीं किया है, बल्कि यह स्वनिर्मित है।
प्रदान किए नेत्र
कहा जाता है कि मंदिर के स्थान पर लगभग 300 वर्ष पूर्व एक 20 फुट ऊंचा टीला हुआ करता था। जहां वर्तमान पुजारी के पूर्वज पंडित गोपालदास तिवारी आकर ठहरे। एक रात शनिदेव ने पंडित गोपालदास को स्वप्न में दर्शन देकर टीले के नीचे प्रतिमा दबी होने की बात कही। गोपालदास दृष्टिहीन थे। इस पर शनिदेव ने उन्हें नेत्र प्रदान किए, जिसके बाद उन्होंने मूर्ति टीले के नीचे से खोदी।
स्वयं बदला स्थान
पूरा टीला खोदने पर पंडितजी का स्वप्न सच साबित हुआ तथा उसमें से शनिदेव की एक प्रतिमा निकली। बाहर निकालकर उसकी स्थापना की गई। यही प्रतिमा आज इस मंदिर में स्थापित है। यह भी कहा जाता है कि यह प्रतिमा पहले वर्तमान में भगवान राम की प्रतिमा वाले स्थान पर थी, किंतु शनि अमावस्या पर स्थान बदलकर स्वयं यहां आ गई। हर साल यहां शनि अमावस्या पर उत्सव का माहौल होता है।
होता है 16 श्रंगार
ठीक इसी प्रकार जूनी इंदौर इलाके में ही भगवान शनि का एक बहुत ही खास मंदिर है। इस मंदिर की खासियत है कि यहां पर शनिदेव का 16 श्रृंगार किया जाता है। इंदौर के जूनी इंदौर इलाके में बना ये शनि मंदिर अपनी प्राचीनता और चमत्कारी किस्सों के लिए प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुराद जरूर पूरी होती है। शनि दोष से पीड़ितों के लिए भी ये स्थान अति उत्तम बताया जाता है। ये भी कहा जाता है कि शनिदेव प्रार्थना स्वीकारने के चंद मिनटों बाद ही चमत्कार दिखाना शुरू कर देते हैं।
शनिदेव का सुंदर रूप
शनि देव के लगभग सभी मंदिरों में उनकी प्रतिमा काले पत्थर की बनी होती है जिन पर कोई श्रृंगार नहीं होता। यह एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां शनि देव का आकर्षक और मनोहारी श्रृंगार किया जाता है। शाही वस्त्र भी पहनाए जाते हैं। इस मंदिर में शनि देव बहुत ही सुंदर रूप में नजर आते हैं। इन्हें देखने वाले देखते ही रह जाते हैं। लोग दूर-दूर से इस मंदिर में दर्शनों के लिए आते हैं।
वीडियो में देखें जूनी इंदौर शनिदेव की आरती जहां उनके स्वयं पधारने की कथा प्रचलित है :-
Created On :   7 Oct 2017 9:16 AM IST