महेंद्र सिंह धोनी ने कहा- शादी से पहले तक ही सभी पुरुष शेर होते हैं

डिजिटल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को भारत मेट्रीमोनी द्वारा आयोजित एक इवेंट में खुद को आदर्श पतियों से भी बेहतर बताया। धोनी भारत मेट्रीमोनी के ब्रांड एंबेसडर हैं और उन्होंने इस इवेंट में शादी को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। क्रिकेट के मैदान पर भले ही वह ‘कैप्टन कूल’ रहे हों, लेकिन धोनी का कहना है कि, घर के मामले में फैसले उनकी पत्नी साक्षी ही लेती हैं और वह कभी दखल नहीं देते। भारत को दो बार विश्व कप जिताने वाले धोनी ने 2010 में साक्षी से शादी की थी।
इस इवेंट में 38 साल के धोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘"मैं आदर्श पतियों से भी बेहतर हूं, क्योंकि मैं अपनी पत्नी को वह सब कुछ करने देता हूं, जो वे करना चाहती हैं। मेरी पत्नी भी तभी खुश रहेगी, जब मैं उसकी कही हर बात का जवाब हां में दूंगा।
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि, शादी का सही मतलब तभी पता चलता है, जब आप 50 साल की उम्र पार कर लेते हैं। जब आप 55 के हो जाते है, तो वही प्यार करने की सही उम्र होती है। क्योंकि, उस समय आपकी दिनचर्या भी बदल जाती है।
धोनी विश्व कप के बाद से ही भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। वह वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के साथ खेली गई सीरीज में भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। धोनी के संन्यास को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। लेकिन, उनके करीबी एक सूत्र ने कहा कि, वह अगले साल IPL के बाद ही अपने भविष्य को लेकर फैसला लेंगे।
Created On :   27 Nov 2019 3:16 PM IST