IND VS SA 2nd test: पहले दिन भारत का स्कोर 273/3, साउथ अफ्रीका के खिलाफ मयंक का दूसरा शतक

डिजिटल डेस्क, पुणे। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में खेला जा रहा है। यहां भारतीय टीम कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। गुरुवार को पहले बल्लेबाजी करते भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 85.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 273 रन बनाए। कप्तान कोहली 63 और अजिंक्य रहाणे 18 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट ने टेस्ट करियर का 23वां अर्धशतक जड़ा।
That will be Stumps on Day 1 in Pune. #TeamIndia 273/3. Kohli 63*, Rahane 18*. Join us for Day 2 tomorrow #INDvSA @Paytm pic.twitter.com/78HYVJAD2g
— BCCI (@BCCI) 10 October 2019
इससे पहले सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 108 रन बनाकर रबाडा का तीसरा शिकार हुए। मयंक ने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। दूसरे विकेट के लिए मयंक और पुजारा ने शतकीय साझेदारी की। उसके बाद चेतेश्वर पुजारा 58 के स्कोर पर रबाडा की गेंद पर आउट हुए। पुजारा ने करियर का 22वां अर्धशतक लगाया। वहीं पिछले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा 14 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार हुए।
यह मैच विराट कोहली का बतौर कप्तान 50वां टेस्ट मैच है। वह ऐसा करने वाले भारत के दूसरे कप्तान हैं। उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए 50 से ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी की है।
सबसे ज्यादा टेस्ट में कप्तानी करने वाले भारतीय कप्तान-
कप्तान |
टेस्ट |
जीत |
एमएस धोनी |
60 |
27 |
विराट कोहली |
50* |
29* |
सौरव गांगुली |
49 |
21 |
सुनिल गावस्कर |
47 |
9 |
मोहम्मद अजहरुद्दीन |
47 |
14 |
इस मैच के लिए दोनों टीमों ने प्लेइंग इलेवन में 1-1 बदलाव किए हैं। कप्तान कोहली ने हनुमा विहारी की जगह उमेश यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने डेन पीट की जगह एनरिच नोर्त्जे को टीम में शामिल किया है।
तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले चुका भारत इस मैच को जीत अजेय बढ़त लेना चाहेगा। साउथ अफ्रीका की कोशिश बराबरी करने की होगी। भारत ने विशाखापट्टनम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 203 रनों से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त ले ली थी।
पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत का यह दूसरा टेस्ट मैच है। इससे पहले इस मैदान पर एकमात्र टेस्ट मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 23 फरवरी 2017 में खेला गया था। जिसमें भारतीय टीम को 333 रन से हार मिली थी।
टीमें
भारत: रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), रविंद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद शमी।
साउथ अफ्रीका: डीन एल्गर, एडेन मार्कराम, थिउनिस डी ब्रुईन, टेम्बा बवुमा, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान, क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), सेनुरान मुथुसामी, वर्नोन फिलैंडर, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्त्जे।
Created On :   10 Oct 2019 9:14 AM IST