- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Shirdi
- /
- सिन्नर-शिरडी खंड चार लेन बनाने का...
सिन्नर-शिरडी खंड चार लेन बनाने का काम तेज, गडकरी बोले - साईं भक्तों के लिए समर्पित पैदल रूट होगा

- सिन्नर-शिरडी खंड
- चार लेन बनाने का काम हुआ तेज
- साईं भक्तों के लिए पैदल रूट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि भारतमाला परियोजना के एक हिस्से के रूप में इस समय महाराष्ट्र में सिन्नर बाईपास के निर्माण सहित राष्ट्रीय राजमार्ग 160 के सिन्नर-शिरडी खंड को चार लेन का बनाने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने इस परियोजना को परिवर्तनकारी बताया है।
गडकरी ने लगातार कई ट्वीट करते हुए कहा कि इस परियोजना का इसलिए सामाजिक महत्व है क्योंकि यह परियोजना शिरडी की पैदल यात्रा करने वाले साईं बाबा भक्तों के लिए एक समर्पित ‘रूट’ के रूप में काम करेगी। इसके अलावा यह आर्थिक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करने के लिए तैयार है। इससे आसपास के क्षेत्रों का भी तेजी से विकास हो रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस पहल का एक मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र के दो प्रमुख धार्मिक शहरों शिरडी और नासिक के बीच लगने वाले यात्रा समय को काफी हद तक कम करना है।
इसके अलावा स्थिरता के लिए हमारी मजबूत प्रतिबद्धता के अनुरूप इस परियोजना में कार्बन फुटप्रिंट को न्यूनतम करने और यातायात की भीड़ को कम करने के लिए विभिन्न उल्लेखनीय तकनीकों को शामिल किया गया है। गडकरी ने कहा कि सर्विस रोड के निर्माण में प्लास्टिक कचरे का उपयोग, सीमेंट ट्रीटेड बेस (सीटीबी) और सीमेंट ट्रीटेड सब-बेस (सीटीएसबी) के साथ-साथ सड़क की सतह के लिए रिक्लेम्ड एस्फॉल्ट पेवमेंट (आरएपी) का उपयोग शामिल है।
Created On :   6 Jun 2023 7:46 PM IST