- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- अवैध होर्डिंग से लेकर निर्माण में...
Shahdol News: अवैध होर्डिंग से लेकर निर्माण में मनमानी

- बड़ा सवाल : नगर पालिका में किसका नियंत्रण?
- अध्यक्ष-उपाध्यक्ष कह चुके हैं नहीं सुन रहे नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी
- अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Shahdol News: शहर में बिना अनुमति के एक सैकड़ा से ज्यादा स्थान पर अवैध होर्डिंग तने हैं। अलग-अलग वार्ड में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर स्थिति यह है कि अधिकांश निर्माण बिना अनुमति के ही चल रहे हैं। खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर हो रहे काम में कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। बड़ी बात यह है कि नगर पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और कई पार्षद यह आरोप लगा चुके हैं कि उनके द्वारा रखी गई बातों पर नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी समय रहते कार्रवाई नहीं करते हैं। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि नगर पालिका में आखिर किसका नियंत्रण है।
8 फरवरी- नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने शहर में अवैध होर्डिंग में मनमानी और कार्रवाई नहीं होने पर दो टूक कहा कि सीएमओ से पूछेंगे कि आखिर किसके दबाव में कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
11 फरवरी- नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा डोली ने शहर में अलग-अलग स्थान पर बिना अनुमति के निर्माण के साथ ही अनुमति से अधिक निर्माण के मामले में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही।
नोटिस जारी कर बनाया जाता है दबाव
नगर पालिका के कई पार्षद कह चुके हैं कि नगर पालिका द्वारा अवैध निर्माण के मामलों पर नोटिस जारी कर दबाव बनाया जाता है। बाद में नियमों का पालन हुए बिना ही आखिर सब कुछ ठीक कैसे हो जा रहा है। शहर में मनमाने निर्माण के कारण बाद में नागरिकों को पानी निकासी से वाहनों की आवाजाही व अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। दूसरी ओर निर्माण के दौरान अवैध निर्माण को संरक्षण दिया जा रहा है।
जांच के लिए बनाई है इंजीनियरों की टीम
ऐसा नहीं है कि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। शहर में अवैध निर्माण की जांच के लिए बुधवार को ही इंजीनियरों की बैठक बुलाकर जांच के लिए टीम बनाई है। गुरूवार से यह टीम शहर के अलग-अलग वार्ड में जाकर निर्माण कार्यों का जायजा लेगी।
अवैध निर्माण पर कार्रवाई प्रस्तावित करेगी। इसमें ऐसा बिल्कुल भी नहीं होगा कि कार्रवाई शिथिल पड़ जाए। इसी प्रकार अवैध होर्डिंग पर भी कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अक्षत बुंदेला सीएमओ नगर पालिका शहडोल
Created On :   14 Feb 2025 2:53 PM IST