Shahdol News: नगर पालिका में भर्राशाही पर पार्षदों ने जताया विरोध

नगर पालिका में भर्राशाही पर पार्षदों ने जताया विरोध
  • बोर्ड मामले में जताया गुस्सा, डीएमएफ से कार्य आबंटन और सीवर लाइन की समस्या भी रखी
  • नगर पालिका को स्वच्छ मिशन के तहत पहले वार्डों की खोदी गई खराब रोडों को ठीक करना चाहिए।
  • बिना अनुमति के निर्माण मामले में पहले दबाव बनाने के लिए नोटिस जारी किया जाता है

Shahdol News: नगर पालिका में चल रही भर्राशाही पर पार्षदों ने मंगलवार को सीएमओ अक्षत बुंदेला के कक्ष पहुंचकर मनमानी पर अंकुश लगाने की बात कही। वार्ड क्रमांक 25 के पार्षद प्रकाश सोनी ने कहा कि नगर पालिका द्वारा बोर्ड में नाम गलत छापकर पार्षदों को अपमानित किया गया। पार्षद की आपत्ति के बाद इंजीनियर विनोद त्रिपाठी को मौके पर बुलाकर गड़बड़ी पर आपत्ति दर्ज करवाई।

पार्षद की आपत्ति के बाद सीएमओ ने फौरन ही बोर्ड निकालकर दूसरा बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद प्रकाश सोनी ने वार्ड में सीवर लाइन से परेशानी खंभे की समस्या भी बताई। नेता प्रतिपक्ष और वार्ड क्रमांक 29 से पार्षद शक्ति लक्षकार ने कहा कि नगर में खुलेआम अवैध कॉलोनी तन रही है और नगर पालिका के जिम्मेदार कार्रवाई के बजाए जुगाड़ का खेल आगे बढ़ा रहे हैं।

यहां बिना अनुमति के निर्माण मामले में पहले दबाव बनाने के लिए नोटिस जारी किया जाता है, मामला सेट हो जाने के बाद जुर्माना लगाकर अनुमति जारी करने का खेल चल रहा है। पार्षद ने कहा इस पूरे मामले की जांच करवाकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। वार्ड क्रमांक 28 पार्षद ने कहा कि डीएमएफ मद में वार्ड की सडक़ों को भी शामिल कर नागरिकों को सुविधाएं मुहैया करवाई जाए।

भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है नगर पालिका

वार्ड क्रमांक 17 के भाजपा पार्षद प्रकाश नारायण शुक्ला ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। इसका खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ रहा है। यह बात बिल्कुल भी ठीक नहीं है। नगर पालिका में चुनिंदा लोगों की मनमानी का खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ रहा है।

बोर्ड में स्वच्छता का ही उल्लेख किया जाए

वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा पार्षद राकेश सोनी ने कहा कि स्वच्छता के बोर्ड में स्वच्छता का ही स्लोगन अंकित किया जाए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के नाम की कोई जरूरत नहीं है। विपरीत परिस्थिति वाला बोर्ड बिल्कुल भी उचित नहीं है। बोर्ड बदला जाए।

अन्य जिलों की नगर पालिका में वार्ड की पूर्ण जानकारी के साथ बोर्ड लगाए गए हैं। उमरिया जिले के पाली में लगाए गए बोर्ड में वार्ड की सारी जानकारी अंकित की गई है जबकि शहडोल में यह उद्देश्यहीन हो गए हैं। यह सरकारी पैसों के दुरुपयोग से अधिक कुछ नहीं। यही नहीं बोर्ड लगाने के लिए स्थल का सही तरीके से चयन नहीं किया गया।

नागरिकों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया

नगर पालिका को स्वच्छ मिशन के तहत पहले वार्डों की खोदी गई खराब रोडों को ठीक करना चाहिए। आधी-अधूरी जानकारी के साथ वार्डों में इन बोर्ड को लगाने का कोई औचित्य नहीं है, जबकि अन्य नगर पालिका क्षेत्र में यह पूरी मानदंडों के अनुरूप लगाए गए हैं।

-अनुशील सिन्हा, समाजसेवी

-स्वच्छता अभियान के बोर्ड पर वार्ड से संबंधित सभी जानकारी दिया जाना चाहिए, जैसे मकान संख्या, जनसंख्या, विद्युत पोलों की संख्या, प्रस्तावित योजना सहित वार्ड मेंबर का नाम दिया जाना चाहिए। वार्ड मेंबरों की आपत्ति जायज है। उनकी सहमति से काम किया जाना चाहिए।

-कैलाश तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता

-पार्षदों की मांग के अनुरूप बोर्ड में जनप्रतिनिधियों के नाम के अलावा वार्ड की पूर्ण जानकारी होना चाहिए, इससे नगर के हर वार्ड का पूरा ब्यौरा मिलता है। साथ ही पूर्व में भी जो बोर्ड लगाए गए हैं, उन्हें भी पूर्व जनप्रतिनिधियों के सम्मान हेतु संरक्षित करना चाहिए।

-उर्मिला कटारे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष

Created On :   12 Feb 2025 2:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story