ग्रामीणों में दहशत: बाघ के हमले में चरवाहा घायल,रेफर खवासा क्षेत्र में हुई चौथी घटना

बाघ के हमले में चरवाहा घायल,रेफर खवासा क्षेत्र में हुई चौथी घटना
  • बाघ को पकडऩे के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।
  • घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।

डिजिटल डेस्क,सिवनी। एक बार फिर बाघ ने एक चरवाहे को घायल कर दिया। घटना खवासा वन परिक्षेत्र के ग्राम पाटन के जंगल में रविवार की शाम करीब चार बजे हुई। घायल को प्राथमिक उपचार बाद नागपुर रेफर कर दिया गया है। बाघ के हमले की खवासा क्षेत्र में यह चौथी घटना है। लगातार हो रही घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ये है घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन गांव का रहने वाला बालकराम पिता सुखराम धराड़े (53) मवेशियों को चराने जंगल गया था। उसके साथ एक और चरवाहा भी मौजूद था। शाम करीब चार बजे बाघ ने बालकराम पर हमला कर दिया।

शोर मचाने पर बाघ वहां से चला गया। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। घायल बालकराम को कुरई अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया गया है।

लगातार हो रही घटना

खवासा क्षेत्र में लगातार बाघ के हमले की घटनाएं हो रही हैं। 26 जुलाई को रमली निवासी गोवर्धन पटले की मौत हो चुकी है। इसके बाद खवासा में बाघ के हमले में चरवाहा घायल हुआ था। एक अगस्त को खंडासा निवासी छोटेलाल वैद्य पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था।

परिक्षेत्र अधिकारी जीडी चतुर्वेदी ने बताया कि लोगों को समझाइश दी जा रही है। बाघ को पकडऩे के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।

Created On :   12 Aug 2024 10:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story