सतना: सीजन की सबसे सर्द रही सोमवार की रात, पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस

सीजन की सबसे सर्द रही सोमवार की रात, पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस
  • पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई
  • 15 जनवरी के आसपास जिले का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए
  • बुजुर्ग और कम उम्र के बच्चों को हो रही समस्या

डिजिटल डेस्क,सतना। उत्तर भारत (हिमालय) से आ रहीं बर्फीली हवाओं से सतना समेत रीवा संभाग शीत लहर की चपेट में आ गया है। सर्द हवाओं की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई।

सोमवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही, न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों की बात की जाए तो 15 जनवरी के आसपास जिले का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अभी तापमान में और गिरावट आएगी। उधर कड़ाके की ठंड से लोग परेशान हैं। सबसे अधिक समस्या बुजुर्ग और कम उम्र के बच्चों को हो रही है।

छाया रहा घना कोहरा

सोमवार को सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। ठंड से बचने लोग घरों में दुबके रहे। राहत की बात यह रही कि सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप खिली जिससे लोगों को राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सर्द हवाओं की वजह से अगर तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया तो और परेशानी होगी।

ठंड तो और बढ़ेगी ही साथ ही फसलों में पाला का खतरा बढ़ जाएगा। खासतौर पर अरहर, सरसो और मसूर की फसलें अधिक प्रभावित होंगीं। मौसम विदों ने बताया कि अगले दो दिन तक कोहरा रहेगा।

मौसम का मिजाज

तापमान डिग्री सेल्सियस में

अधिकतम 23.2

न्यूनतम 5.5

हवा में नमी प्रतिशत में

सुबह 94

शाम 44

Created On :   17 Jan 2024 12:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story