कुश्ती: पुणे में 7 से 10 नवंबर तक महाराष्ट्र केसरी का आखाड़ा

पुणे में 7 से 10 नवंबर तक महाराष्ट्र केसरी का आखाड़ा
इनाम में मिलेगा महिंद्रा थार और ट्रैक्टर

डिजिटल डेस्क, पुणे। भारतीय कुश्ती महासंघ और महाराष्ट्र राज्य कुश्ती संघ द्वारा आयोजित 66वीं सीनियर स्टेट चैंपियनशिप, महाराष्ट्र केसरी कुश्ती चैंपियनशिप 7 से 10 नवंबर 2023 तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस मिलिट्री स्कूल, फुलगांव में आयोजित की गई है। प्रतियोगिता के स्वागत अध्यक्ष पुणे जिला मध्यवर्ती बैंक के सदस्य प्रदीप कंद ने संवाददाता सम्मलेन में बताया कि इस प्रतियोगिता के इनाम में महाराष्ट्र केसरी कुश्ती के खिताब विजेता को महिंद्रा थार और उप महाराष्ट्र केसरी पहलवान को ट्रैक्टर दिया जाएगा।

प्रतियोगिता के स्वागताध्यक्ष प्रदीप कंद ने बताया कि, महाराष्ट्र केसरी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सुभाष चंद्र बोस मिलिट्री स्कूल में करीब 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम बनाया गया है। महाराष्ट्र केसरी प्रतियोगिता का उद्घाटन 7 नवंबर को शाम 5 बजे राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, महाराष्ट्र राज्य कुस्तिगीर संघ के अध्यक्ष सांसद रामदास तड़स और उपाध्यक्ष मुरलीधर मोहोल की उपस्थिति में होगा। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण 10 नवंबर को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और अजीत पवार द्वारा किया जाएगा।

प्रदीप कंद ने आगे बताया कि, इस टूर्नामेंट में 36 जिला और 6 नगर निगम समेत कुल 42 टीमें हिस्सा ले रही हैं। एक कुश्ती टीम में कुल 23 पहलवान होंगे जिनमें 10 मैट सेक्शन और 10 मिट्टी सेक्शन कुल 20 पहलवान, 2 कुश्ती गाइड और 1 टीम मैनेजर होंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इस कुश्ती टूर्नामेंट में 840 पहलवान, 84 कुश्ती गाइड और 42 प्रबंधक, 80 रेफरी और 50 अधिकारी जैसे कुल 1100 लोग भाग लेंगे। इस संवाददाता सम्मलेन में महाराष्ट्र राज्य कुश्ती संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पहलवान संदीप भोंडवे, महासचिव योगेश दोडके एवं विलास कथुरे उपस्थित थे।

Created On :   4 Nov 2023 12:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story