पुणे: कंपनी पर हुई थी ईडी की कार्रवाई, अब मिल गया हॉस्टलों में भोजन आपूर्ति का ठेका

कंपनी पर हुई थी ईडी की कार्रवाई, अब मिल गया हॉस्टलों में भोजन आपूर्ति का ठेका
  • आम आदमी पार्टी ने जताई आपत्ति
  • टेंडर रद्द करने की मांग

डिजिटल डेस्क, पुणे। आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई ने शिकायत की है कि सामाजिक न्याय विभाग के तहत हॉस्टलों में छात्रों को भोजन आपूर्ति कराने का ठेका एक ऐसी कंपनी को दिया गया है, जो ईडी की कार्रवाई के कारण विवादों में घिरी है। इस बारे में आप पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कुंभार ने कहा है कि खुद सरकार ने ही इस कंपनी को दूसरे काम की टेंडर प्रक्रिया में बर्खास्त किया है और उसमें कारण बताया है कि कंपनी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की जा रही है। आप ने विवादित कंपनी को दिए गए भोजन आपूर्ति का टेंडर रद्द करने की मांग की है।

राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में अनुबंध के आधार पर कर्मचारियों की भर्ती करने का फैसला किया था। तब उसी कंपनी ने उस काम के लिए टेंडर दाखिल किया था। उस वक्त शुरू हुई टेंडर प्रक्रिया में सरकार ने इस कंपनी का टेंडर यह कारण बताकर खारिज कर दिया कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) आपकी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। हालांकि, अब, राज्य सरकार के ही सामाजिक न्याय विभाग के अधिकार क्षेत्र के तहत राज्य के सभी छात्रावासों में छात्रों को भोजन उपलब्ध कराने का काम इस कंपनी को दिया गया है, ऐसा आप के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कुंभार ने अपने बयान में कहा है।

अब तक छात्रावासों में विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर टेंडर जारी होते थे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा होता था। तब अधिक विकल्प प्राप्त होते थे, दरें घटाई या बढ़ाई जा सकती थीं। हालांकि, अब ऐसे कार्यों के टेंडर सीधे शासन स्तर से जारी होते हैं। इस कार्य के लिए राज्य में केवल चार निविदाएं प्राप्त हुईं। इनमें एक कंपनी पर ईडी की कार्रवाई चल रही है, उसी को भोजन आपूर्ति का ठेका मिला है।

Created On :   7 Nov 2023 1:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story