पुणे: तड़के दो बजे 20 हजार की घूस लेते धराया सहायक पुलिस उपनिरीक्षक

तड़के दो बजे 20 हजार की घूस लेते धराया सहायक पुलिस उपनिरीक्षक
  • 20 हजार की घूस
  • घूस लेते धराया सहायक पुलिस उपनिरीक्षक

डिजिटल डेस्क, पुणे। हादसे में जब्त कार लौटाने के लिए डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांग कर 70 हजार रुपए लेने के बाद शेष पैसों के लिए तकाजा करनेवाले एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक को रिश्वत निरोधक विभाग (एसीबी) ने रविवार के तड़के दो बजे के करीब जाल बिछाकर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत विरोधी विभाग ने चिखली पुलिस स्टेशन में रात करीब 2 बजे यह कार्रवाई की। इस सहायक पुलिस उपनिरीक्षक का नाम नरेंद्र लक्ष्मण राजे (उम्र 54) है. वर्तमान में वह पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय के चिखली पुलिस स्टेशन में कार्यरत है। इस बारे में 32 साल के एक नागरिक ने शिकायत दी थी।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दुर्घटना को लेकर चिखली थाने में मामला दर्ज कराया गया है। मामले की छानबीन कर रहे थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक नरेंद्र राजे ने दुर्घटना में शामिल कार को शिकायतकर्ता को वापस करने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। समझौते के बाद डेढ़ की बजाय एक लाख रुपये देने की बात तय हुई. जिसमें से राजे ने 13 दिसंबर को 15 हजार रुपए और 15 दिसंबर को 55 हजार रुपए लिए। इसके बाद वह बाकी रकम को लेकर तकाजा कर रहा था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शनिवार को इस शिकायत का सत्यापन किया गया। इसमें आरोपी सहायक पुलिस उपनिरीक्षक द्वारा घूस मांगे जाने की बात साबित होने के बाद एसीबी द्वारा चिखली थाने में जाल बिछाया गया। रात करीब 2 बजे नरेंद्र राजे को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। उसके खिलाफ चिखली पुलिस ठाणे में भ्रष्टाचार प्रतिबंध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इतनी रात को रिश्वत लेते पुलिस अधिकारी के पकडे जाने से महकमे में खलबली मच गई है। पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डाॅ. शीतल जानवे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रसाद लोटाने, पुलिस कांस्टेबल भूषण ठाकुर, सुरदकर, कांस्टेबल चव्हाण ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

Created On :   17 Dec 2023 1:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story