- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना के विद्यालयों में पानी की...
Panna News: पन्ना के विद्यालयों में पानी की समस्या गंभीर, छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित
- पन्ना के विद्यालयों में पानी की समस्या गंभीर
- छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित
Panna News: जिले के शासकीय विद्यालयों में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। इसी कड़ी में शहर के रानीबाग क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक विद्यालय राघवेन्द्र टोला में पीने के पानी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित में आवेदन दिया गया है जिसमें जल आपूर्ति की समस्या पर तत्काल ध्यान देने का आग्रह किया गया है। प्रधानाध्यापक के अनुसार पूर्व में नगर पालिका को जल संकट की जानकारी देकर समस्या समाधान के लिए आवेदन दिया गया था। हालांकि अब तक इस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि स्कूल परिसर में हैंडपंप खराब होने के कारण बच्चों और शिक्षकों को पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक विकट हो सकती है। विद्यालय में कुल 195 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। पानी की कमी के कारण उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि बच्चों को स्वच्छ पानी उपलब्ध न होने से उनकी पढ़ाई में बाधा आ रही है। शिक्षकों को भी अपनी जिम्मेदारियां निभाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने नगर पालिका से कई बार अनुरोध किया है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। प्रधानाध्यापक ने पत्र के माध्यम से अपील की है कि पानी की समस्या को जल्द से जल्द हल किया जाए। इस पत्र को पन्ना नगर पालिका में 20 जनवरी 2025 को दिया गया है। विद्यालय के छात्रों के अभिभावकों ने भी प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बच्चों को स्वच्छ पानी न मिलने से उनके स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल संकट का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य के प्रति गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। जल संकट से जूझ रहे विद्यालय प्रशासन ने एक बार फिर जिला प्रशासन और नगर पालिका से अनुरोध किया है कि बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस समस्या को गंभीरता से लें और जल्द से जल्द समाधान करें।
Created On :   28 Jan 2025 10:07 AM IST