- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जगजोधन बाबा धार्मिक स्थान उपेक्षा...
Panna News: जगजोधन बाबा धार्मिक स्थान उपेक्षा का शिकार, लोगों की आस्था का केन्द्र है जगजोधन बाबा
![जगजोधन बाबा धार्मिक स्थान उपेक्षा का शिकार, लोगों की आस्था का केन्द्र है जगजोधन बाबा जगजोधन बाबा धार्मिक स्थान उपेक्षा का शिकार, लोगों की आस्था का केन्द्र है जगजोधन बाबा](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/05/1400528-whatsapp-image-2025-02-04-at-193546.webp)
- जगजोधन बाबा धार्मिक स्थान उपेक्षा का शिकार
- लोगों की आस्था का केन्द्र है जगजोधन बाबा
Panna News: जनपद पंचायत पन्ना के ग्राम पंचायत बडग़ड़ी में स्थित प्राचीन हनुमान जी का मंदिर जिसे जगजोधन बाबा के नाम से जाना जाता है। श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है यह मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य के बीच जंगल में स्थित है और अपनी ऐतिहासिक व धार्मिक महत्ता के बावजूद प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है। यहां ना तो सडक़ की सुविधा है और ना ही बिजली की व्यवस्था। शनिवार और मंगलवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अलावा बाहरी श्रद्धालुओं का भी मंदिर में प्रतिदिन आना रहता है। मान्यता है कि यहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर की प्राचीनता और इसके साथ जुड़ी धार्मिक मान्यताएं इसे और विशेष बनाती हैं। इसके बावजूद यहां तक पहुंचने का मार्ग बेहद कठिन है। श्रद्धालुओं को जंगल के कच्चे रास्तों से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ता है। बारिश के दिनों में यह मार्ग और भी अधिक खतरनाक हो जाता है।
बिजली और सडक़ की कमी
मंदिर परिसर में बिजली की कोई सुविधा नहीं है जिससे शाम के समय यहां अंधेरा छा जाता है। श्रद्धालुओं को केवल दीपकों और टॉर्च के सहारे ही मंदिर में पूजा-अर्चना करनी पड़ती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की उपेक्षा के कारण यह क्षेत्र विकास से कोसों दूर है। सडक़ की खस्ताहाल स्थिति और बिजली की अनुपस्थिति श्रद्धालुओं की यात्रा को कष्टकारी बना देती है।
आस्था बनाम प्रशासनिक उदासीनता
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थान हमारी आस्था का केंद्र है। हर शनिवार और मंगलवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं लेकिन प्रशासन ने कभी इस जगह के विकास के बारे में नहीं सोचा। यदि यहां सडक़ और बिजली की व्यवस्था हो जाए तो श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होगा और यह स्थान एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।
प्रशासन से मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस धार्मिक स्थल तक पहुंंचने के लिए पक्की सडक़ का निर्माण कराया जाए और बिजली की सुविधा प्रदान की जाए। ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस विषय में प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पर्यटन की संभावनाएं
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस स्थान का विकास किया जाए तो यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के लिए एक प्रमुख केंद्र बन सकता है। मंदिर के आसपास का प्राकृतिक वातावरण भी इसे आकर्षक बनाता है। मध्य प्रदेश सरकार ने हाल के वर्षों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। यदि जगजोधन बाबा के स्थान को इन योजनाओं में शामिल किया जाए तो यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। जगजोधन बाबा का यह प्राचीन मंदिर प्रशासनिक उपेक्षा का प्रतीक बन गया है। स्थानीय लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि इस धार्मिक स्थल के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। सडक़ और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान कर इसे श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाया जाए। प्रशासन यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम उठाता है तो यह न केवल स्थानीय लोगों की आस्था का सम्मान होगा बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
Created On :   5 Feb 2025 2:54 PM IST