- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- दस जून के बाद ही मिलेगी गर्मी से...
दस जून के बाद ही मिलेगी गर्मी से निजात, 44 के आसपास चल रहा अधिकतम पारा

डिजिटल डेस्क,सिवनी। मौसम खुला रहने, किसी वैदर सिस्टम के सक्रिय न रहने से इन दिनों जिले में जमकर गर्मी पड़ रही है। आने वाले दिनों में भी मौसम के इसी प्रकार रहने की संभावना है। दस जून के बाद ही मौसम में कोई परिवर्तन होने की संभावना है।
पड़ रही है भीषण गर्मी-
वर्तमान में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वातावरण में नमी नहीं होने के कारण मानसून पूर्व की गतिविधियां भी नहीं हो रही हैं। इस वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इस तरह की स्थिति अभी तीन-चार दिन तक बने रहने के आसार हैं। बुधवार को सुबह से ही धूप में चुभन महसूस होने लगी थी। अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं रात का पारा भी 24.2 डिग्री सैल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। इस चक्रवात से लेकर नागालैंड तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसी चक्रवात से लेकर पूर्वी मप्र से होकर आंध्र प्रदेश तक भी एक ट्रफ बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इसके आगे बढऩे पर 10 जून से वातावरण में कुछ नमी बढऩे लगेगी। साथ ही मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू होने से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है।
Created On :   8 Jun 2022 2:04 PM IST