- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फ्लाइट में महिला की तबीयत बिगड़ी,...
फ्लाइट में महिला की तबीयत बिगड़ी, नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

डिजिटल डेस्क, नागपुर । भुवनेश्वर से मुंबई जा रहे विमान में सवार 80 वर्षीय वृद्धा को शुक्रवार 31 जनवरी को बीपी लो होने से घबराहट होने लगी। घबराहट जब ज्यादा बढ़ गई, तो वृद्धा ने इसकी जानकारी अपने बेटी को दी। देखते ही देखते उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी, तब सभी ने क्रू मेंबर को जानकारी दी और पायलट ने नागपुर विमानतल पर मेडिकल इमजरेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार गो एयर का विमान क्रमांक 247 भुवनेश्वर से मुंबई की ओर जा रहा था, तभी विमान में सवार यात्री ज्योतिमई दास (80) को बीपी कम होने से घबराहट होने लगी। महिला यात्री ने पहले विमान में सवार अपनी बेटी को बताया, लेकिन घबराहट नहीं रुकने से जब बैचेनी बढ़ गई, तो विमान में सवार सभी यात्रियों ने मामले की जानकारी क्रू मेंबर को दी। पायलट को जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल नागपुर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क साधा और नागपुर में मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करने की अनुमति मांगी। मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही एंबुलेंस को सूचित किया गया। गो एयर का विमान क्रमांक 247 रात करीब 10.10 बजे डायवर्ट कर विमानतल पर उतारा गया।
महिला मरीज सहित उसकी बेटी को एंबुलेंस में बैठाकर निजी अस्पताल छोड़ा गया, वहीं करीब आधा घंटे बाद एक बार फिर विमान ने मुंबई के लिए उड़ान भरी। विमान ने भुवनेश्वर के बिजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय विमानतल से रात 8.10 बजे उड़ान भरी थी और उसे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर रात 10.25 बजे पहुंचना था।
खराब मौसम का विमानों पर असर
उत्तर भारत में खराब मौसम का असर देशभर की उड़ानों पर पड़ रहा है। इससे दिल्ली, मुंबई और कोलकाता के विमानों में देरी दर्ज की गई, जिससे उनकी आगे की उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
ये विमान हुए प्रभावित
मुंबई से आने वाला एयर इंडिया का विमान क्रमांक 627 अपने तय समय सुबह 7.20 बजे से आधा घंटा देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 5388 दोपहर 1.05 बजे से आधा घंटा देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 403 शाम 5.30 बजे से 1.30 घंटे देरी से, मुंबई से आने वाला गो एयर का विमान क्रमांक 142 रात 8.15 बजे से आधा घंटा देरी से पहुंचा। दिल्ली से आने वाला गो एयर का विमान क्रमांक 2519 रात 8.55 बजे से आधा घंटा देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 221 रात 9.40 बजे से 45 मिनट देरी से, कोलकाता से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 663 रात 9.55 बजे से 1.15 घंटे देरी से और मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 5377 रात 10.10 बजे से आधा घंटा देरी से संतरानगरी के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचने की जानकारी विमानतल प्रशासन ने दी है।
Created On :   1 Feb 2020 2:12 PM IST