- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Yavatmal
- /
- सांप डसने से महिला ने दम तोड़ा,...
सांप डसने से महिला ने दम तोड़ा, जोरदार बारिश के बाद कोहरा, हादसों में तीन की मौत- सात जख्मी

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। जिले में देर रात जोरदार बारिश हुई। शुक्रवार सुबह इलाके में कोहरा छाया रहा। जिससे सड़कों पर लो विजन था। सड़क पर दौड़ रहे वाहन साफ नजर नहीं आ रहे थे। उधर दारव्हा से बोधेगांव के बीच सड़क हादसा हुआ। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों मृतक दारव्हा तहसील के तरनोली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। जब्कि एक की मौत मेडिकल कॉलेज में हुई। तेज गति से आ रहा वाहन दुपहिया से भिड़ गया था। जिससे तीनो की दर्दनाक मौत हो गई।
इसके पहले कल रात हुई जोरदार बारिश से जांबरोड स्थित मंगल कार्यालय के सामने टेंट गिर गया। जिसमें डेकोरेशन और लाइटिंग के लिए चारों तरफ लगाए पिलर ढह गए। इस दौरान 7 लोग मामूली रूप से घायल हो गए। बारिश के साथ तेज हवा चल रही थी। जिस कारण इन लोगों की जान पर बन आई थी।
उधर नेर के मोझर इलाके में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात धर में सो रही महिला को सांप ने डस लिया था। जिस वजह से जहर उसके शरीर में फैल गया। महिला का नाम सीमा इंगोले है, उसकी उम्र 35 साल थी। शुक्रवार सुबह जब वह नींद से नहीं जागी, तो परिजन अस्पताल ले गए, इस दौरान पता चला कि रात उसे सांप ने डस लिया था। जिस वजह से उसकी मौत हो गई। महिला के दो बच्चे हैं, एक लड़का जिसकी उम्र 13 साल दूसरी लड़की की उम्र 10 साल बताई जा रही है।
बीमारी से परेशान किसान पुत्र ने की खुदकुशी
तहसील अंतर्गत ग्राम सातेफल में शुक्रवार 7 फरवरी की सुबह कृषक पुत्र की आत्महत्या का मामला उजागर हुआ। सातेफल निवासी सतीश ज्ञानेश्वर नागुलकर (35) ने बीमारी से तंग आकर गुरुवार 6 फरवरी की देर रात अपने ही खेत में फांसी लगा ली। सतीश माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसके पास उसके पिता की 5 एकड़ खेती थी जिसके भरोसे वह अपने परिवार की गुजरबसर कर रहा था।
Created On :   7 Feb 2020 6:06 PM IST