- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 14 साल की लड़की से दो भाइयों ने किया...
14 साल की लड़की से दो भाइयों ने किया दुष्कर्म, बंधक बनाकर रखा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दो भाइयों ने अपहरण कर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। उन पर किशोरी को बंधक बनाकर मामा के घर में रखने का भी आरोप है। प्रकरण दर्ज कर बुटीबोरी एमआईडीसी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता को अदालत के निर्देश पर सुधारगृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी करने का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार पीड़िता 14 वर्षीय किशोरी है, जबकि आरोपी शुभम संजय कारमोरे (21) और उसका बड़ा भाई आकाश संजय कारमोरे (27) गंगापुर झोपड़पट्टी निवासी हैं। पीड़िता के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं। पीड़िता अपने पिता के साथ भंडारा जिले में निवासरत थी। दिवाली पर्व के दौरान वह अपनी मां के यहां टाकलघाट आई और वहीं मजदूरी करने व रहने लगी। इस बीच शुभम से पीड़िता की पहचान हुई। शुभम ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेम संबंधों में फंसा लिया और करीब एक महीने पहले अगवा कर उसे गंगापुर में अपने घर ले गया। शुभम ने उसे शादी करने का झांसा दिया लेकिन शादी नहीं की। इस दौरान शुभम और आकाश ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे अपने मामा के घर उसी गांव में ले गए। वहां पर पीड़िता को बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान भी उसका यौन शोषण जारी रहा।
आपराधिक प्रवृत्ति के हैं आरोपी
जानकारी के अनुसार किशोरी के गायब होने से उसकी मां ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच-पड़ताल के दौरान किशोरी का अपहरण कर उसे कारमोरे बंधुओं द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का पता चला, जिससे पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया है। आरोपी कारमोरे बंधु कुख्यात बदमाश हैं। उनके खिलाफ कई अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपियों और पीड़िता को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को पीसीआर में भेज दिया गया, जबकि पीड़िता को सुधारगृह भेजा गया है।
Created On :   10 Dec 2019 10:48 AM IST