खेत में फैलाए गए करंट की चपेट में आकर टाइगर की हुई मौत

डिजिटल डेस्क,सिवनी। दक्षिण सामान्य वन मंडल के रूखड़ रेंज के अंतर्गत बकरमपाठ गांव के पास बुधवार की सुबह बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। बाघ की उम्र करीब दस वर्ष है। जांच में पता लगा कि बाघ की करंट से मौत हुई है। उसके शव को खेत में ही पैरा (धान कटाई के बाद का अवशेष) से छिपा दिया गया था।
शव के पास में मिली खूंटी और तार
डीएफओ सुदेश महिवाल ने बताया कि जिस जगह बाघ का शव मिला था उससे कुछ ही दूरी पर खूंटी गड़ी मिली। साथ ही तार भी मिले। संभवत: फसल को वन्यजीवों से बचाने के लिए करंट फैलाया गया था। फिलहाल इस मामले में खेत मालिक और अन्य दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाघ के सभी अंग सुरक्षित मिले हैं। शव एक दिन पुराना है। शव का पीएम कराकर बिसरा फारेंसिक लैब के लिए भेजा जा रहा है। बाघ कौन सा था इसकी पहचान नहीं हो पाई है।
Created On :   12 Jan 2023 2:48 PM IST