- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- शाम को आनी थी बारात, दुल्हन से...
शाम को आनी थी बारात, दुल्हन से सुबह कुंड में छलांग लगाई -मातम में बदलीं खुशियां, पुलिस ने शुरू की जांच

डिजिटल डेस्क कुंडेश्वर । शाम को बारात आनी थी, पूरा परिवार निकाह की तैयारियों में व्यस्त था और सुबह करीब 6 बजे दुल्हन ने कुंड में छलांग लगाकर जान दे दी। परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। युवती की शादी अशोकनगर जिले के चंदेरी में तय हुई थी। परिजन रात में दूल्हे से हुई कहासुनी को दुल्हन की खुदकुशी की वजह मान रहे हैं। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। कुंडेश्वर क्षेत्र के ग्राम नयागांव निवासी अजीज मोहम्मद की पुत्री सुहाना बानो (20) ने कुंड में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे लड़की को सीसीटीवी कैमरे में जाते हुए देखा गया है। इसी से अंदाज लगाकर परिवारजनों ने सुबह से उसकी खोज शुरू कर दी। वहीं कुंडेश्वर के कुंड में मुक्तिधाम के पास नदी में सुबह करीब 10 बजे एक शव देखा गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त सुहाना बानो के रूप में की। पुलिस को सूचना दी गई। खिरिया चौकी से एसआई शैलेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आरक्षक अजय पाराशर ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खिरिया चौकी एसआई शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि घटना सुबह 6 बजे की है।
रात में दूल्हे से कहासुनी हुई
मिली जानकारी के अनुसार सुहाना बानो की शादी अशोकनगर जिले के चंदेरी तय हुई थी। सोमवार को उसकी बारात आने वाली थी। परिजनों की मानें तो रविवार की रात में लड़का-लड़की दोनों के बीच में बात हुई। इसी बातचीत में किसी बात को लेकर कहासुनी की आशंका है। जिसको लेकर दुल्हन सुहाना बानो ने यह कदम उठाया। परिजनों के मुताबिक सोमवार को चंदेरी से बारात आनी थी। परिवार में निकाह की तैयारी चल रही थी, लेकिन सुहाना बानो के आत्मघाती कदम से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
Created On :   1 Dec 2020 3:51 PM IST