- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर...
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता को ससुराल पक्ष ने पिलाया जहर

डिजिटल डेस्क,कटनी। दहेज लोभियों ने नवविवाहिता को जहरीला पदार्थ देकर मारने का दु:साहस दिखाया। रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरुहली निवासी महिला पूजा यादव (22) पति ओंकार यादव को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला यहां पर जीवन जीने की लड़ाई लड़ रही है।
जानकारी मिलने पर बिरुहली के जिस घर में ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को जहरीला पदार्थ दिया था। रीठी पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है। मामला संवेदनशील होने पर नायब तहसीलदार हेमांग प्रिया भी अस्पताल में पहुंचकर महिला का बयान ली। महिला ने अपने बयान में ससुराल पक्ष के ऊपर दहेज की मांग को लेकर प्रताडऩा और जहर देने के आरोप लगाए हैं।
दो वर्ष पहले हुआ था विवाह
देवडोगरा निवासी अज्जु यादव ने अपनी बेटी का विवाह दो वर्ष पहले ही ओंकार यादव के साथ किया था। पिता ने आरोप लगाया कि शादी में वे अपनी बेटी को खाली हाथ विदा नहीं किए थे। एक लाख रुपए से अधिक का दहेज दिया गया था। ससुराल के लोगों को खेती करने के लिए 16 और 50 हजार रुपए भी दिए। इसके बावजूद ससुराल के लोग लगातार राशि की मांग करते रहे। दहेज में चार-पहिया वाहन नहीं मिलने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट किया जाता रहा।
घर में बना लिए थे बंधक
गंभीर हालत में महिला पूजा यादव ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे ससुराल पक्ष के कई लोग उसे एक कमरे में बंद कर दिए और पानी मिला कोई जहरीला पदार्थ पिलाने लगे। महिला ने सास-ससुर और अन्य सदस्यों पर जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना था कि दहेज में रुपए की मांग ससुराल पक्ष के द्वारा की जाती रही है। पति ओंकार यादव के साथ अन्य सदस्य लगातार प्रताडि़त कर रहे थे।
Created On :   21 Dec 2022 1:23 PM IST