महिला की हत्या कर फांसी पर झूला आरोपी

डिजिटल डेस्क, रीवा। जिले के गोविंदगढ़ थाना की शिवपुरवा चौकी अंतर्गत ग्राम गढ़वा में शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति ने महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी। उसके बाद फांसी लगाकर खुद भी जान दे दी। इस घटना से पूरे गांव में सनाका खिंच गया। उल्लेखनीय है कि तीन माह पूर्व महिला ने आरोपी पर छेडख़ानी की एफआईआर दर्ज करा चुकी थी।
बताया गया है कि गढ़वा गांव की निवासी सोमवती मिश्रा पति सच्चिदानंद ४२ वर्ष की जिस समय हत्या की गई, वह घर पर अकेली थी। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे आरोपी चंद्रमणि तिवारी महिला के घर पहुंचा और उस पर प्रहार किया। महिला
द्वारा शोर मचाए जाने पर कुछ लोग घर से बाहर निकले तो आरोपी चंद्रमणि को वहां से भाग खड़ा हुआ। घर के अंदर जब लोग पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ थी। जिसके बाद लोगों ने महिला के पति और पुलिस को सूचना दी। वहीं दूसरी ओर आरोपी भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।
मतदान केन्द्र में था पति
शुक्रवार को पंचायत चुनाव की वजह से सभी लोग मतदान कार्य में व्यस्त थे। सेामवती का पति पोलिंग एजेंट था, इसलिए वह मतदान केन्द्र में रहा। बेटा भी मतदान केन्द्र में था। गांव के भी ज्यादातर लोग उस समय मतदान के लिए गए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने यह कदम उठाया।
एसजीएमएच में मृत घोषित
महिला पर जानलेवा हमला किए जाने की जानकारी मिलते ही मतदान केन्द्र से पति और बेटा मौके पर पहुंचे। जहां से उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए
संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तालाब के किनारे आरोपी ने लगाई फांसी
इस घटना के कुछ ही देर बाद पता चला कि आरोपी चंद्रमणि तिवारी ४० वर्ष का शव गांव में तालाब के किनारे आम के पेड़ पर झूल रहा है। ऐसा माना जा रहा
है कि महिला की हत्या करने के बाद वह आत्महत्या कर लिया। पुलिस ने मौके पर जाकर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
न्यायालय में पेश हो गया था चालान
मृतका ने मार्च माह में आरोपी चंद्रमणि के विरूद्ध गोविंदगढ़ थाना में छेडख़ानी की शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा ३५४ का अपराध कायम किया था। पुलिस ने इस मामले का चालान भी न्यायालय में पेश कर दिया था।
रिपोर्ट वापस लेने बना रहा था दबाव
मृतका के पति सच्चिदानंद की मानें तो आरोपी चंद्रमणि रिपोर्ट दर्ज होने से बौखलाया था। वह रिपोर्ट वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
पुलिस ने इस मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखाई। जिसकी वजह से आरोपी ने मौका पाते ही उसकी पत्नी की हत्या कर दी।
वर्जन
महिला की हत्या कर आरोपी ने फंासी लगाकर आत्महत्या की है। आरोपी के विरूद्ध महिला ने छेडख़ानी का मामला दर्ज कराया था। इस प्रकरण का चालान न्यायालय में पेश हो चुका है।
गोकुलानंद पांडेय, टीआई गोविंदगढ़ थाना
Created On :   2 July 2022 3:50 PM IST