- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- इंजीनियरिंग एडमिशन पर रोक,24 के बाद...
इंजीनियरिंग एडमिशन पर रोक,24 के बाद नया शेड्यूल, फिर से रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। इंजीनियरिंग एडमिशन के लिए प्रयासरत स्टूडेंट्स को तगड़ा झटका लगा है। सर्वर डाउन होने की शिकायतों के बाद इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आर्किटेक्ट और होटल मैनेजमेंट में प्रवेश के लिए सीईटी सेल द्वारा ‘सार’ पोर्टल पर चल रही रजिस्ट्रेशन और कैप राउंड की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। सीईटी सेल की ओर से गुरुवार की शाम को इसकी सूचना जारी की गई। सीईटी सेल के आयुक्त ने बताया कि अब नए सिरे से 24 जून के बाद शेड्यूल घोषित किया जाएगा। तत्पश्चात छात्रों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन के साथ ही डाक्युमेंट वेरिफिकेशन भी करना होगा। जिन छात्रों ने कैप राउंड के लिए वेरिफिकेशन कराया था, वह भी रद्द हो गया है।
छात्रों का हो सकता था नुकसान
कुछ दिनों से सर्वर डाउन होने से वेरिफिकेशन का कार्य धीमी गति से चल रहा था। इस संबंध में अनेक पालकों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इतना ही नहीं छात्रों की जानकारी संकलित करने में भी दिक्कतें आ रही थीं। सदोष जानकारी के कारण अंतरिम मेरिट सूची घोषित करना छात्रों के लिए नुकसानदायक हो सकता था। प्राधिकरण द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ समिति ने असंतोष व्यक्त किया था। सेतु केंद्रों पर छात्रों-पालकों की भीड़ और वेरिफिकेशन की गति बेहद धीमी होने से समूची प्रक्रिया को ही स्थगित कर दिया गया।
लड़खड़ाई व्यवस्था
इससे पूर्व तकनीकी शिक्षा विभाग के जरिये प्रवेश प्रक्रिया कराई जाती थी। दो वर्ष से सरकार ने सीईटी सेल के माध्यम से प्रक्रिया का निर्णय लिया। इतना ही नहीं, इस बार रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को दी गई, जिसने ‘सार’ नामक पोर्टल बनाया था। इस बीच कई छात्रों ने डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन करा लिया था। भीषण गर्मी में कतार में खड़े होकर प्रक्रिया पूरी की थी। सरकार द्वारा योग्य नियोजन नहीं किए जाने से यह स्थिति पैदा हुई। अब छात्रों के लिए दोबारा संपूर्ण प्रक्रिया करना किसी सिर दर्द से कम नहीं होगा। यह पहला अवसर है, जब समूची प्रक्रिया को ही स्थगित कर दिया गया है।
Created On :   21 Jun 2019 12:33 PM IST