सीवियर कोल्ड डे: 4 दिन में 5 डिग्री सेल्सियस लुढक़ा दिन का पारा

डिजिटल डेस्क,कटनी। नए साल के पहले ही दिन से सर्दी का सितम जारी है। जो थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार चार दिन से उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिन का पारा सामान्य से भी कम है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार का दिन सीवियर कोल्ड डे रहा। दिन का तापमान 18 डिसे दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम था, वहीं रात का तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस था।
कृषि विज्ञान केन्द्र के मौसम विज्ञानी संदीप चंद्रवंशी के अनुसार एक जनवरी से अब तक दिन के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। एक जनवरी को जिले का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस था। कोल्ड अटैक के चलते जिला प्रशासन ने नर्सरी से पांचवीं कक्षा के बच्चों के लिए सात जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। जबकि आठवीं से 12 वीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। महिला बाल विकास विभाग ने भी आंगनबाड़ी केन्द्रों का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक कर दिया है।
नए साल का तापमान (डिसे में)
दिन अधिकतम न्यूनतम
01 जनवरी 23.7 8.4
02 जनवरी 20.6 10.00
03 जनवरी 18.8 9.4
04 जनवरी 18.00 9.7
सामुदायिक केन्द्रों को बनाया रैन बसेरा
नगर परिषद कैमोर में 2 सामुदायिक केंद्रों को रैन बसेरा में तब्दील किया है। नगर परिषद अध्यक्ष मनीषा अजय शर्मा के निर्देश पर गरीबों के लिए यह व्यवस्था की गई है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्थाई रैन बसेरा में निराश्रित जनों के लिए गद्दा, रजाई उपलब्ध रहेंगे साथ ही भोजन का भी प्रबंध किया जायेगा।
नर्सरी से पांचवीं तक छुट्टी
कड़ाके ठंड के चलते कलेक्टर अविप्रसाद ने स्कूलों के अवकाश एवं समय को लेकर दो आदेश जारी किए। जारी आदेश के अनुसार जिले में अत्यधिक सर्दी होने के कारण शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल पडऩे की संभावना को देखते हुए शासकीय/ अशासकीय/ केन्द्रीय विद्यालय/ जवाहर
नवोदय विद्यालय/ सीबीएसई/ अन्य मान्यता प्राप्त सभी
स्कूलों में कक्षा प्री-नर्सरी से पांचवीं तक का संचालन तत्काल प्रभाव से 07 जनवरी 2023 तक बंद किया जाता है। कलेक्टर ने एक अन्य आदेश में सभी स्कूलों के प्रथम पाली अर्थात सुबह 7.30 बजे से संचालन को परिवर्तित कर आगामी आदेश तक सुबह 9.00 बजे से किया है। कक्षा नवमीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों जहां अर्धवार्षिक परीक्षाएं संचालित हैं वहां यह आदेश 12 जनवरी 2023 से प्रभावशील रहेगा।
Created On :   5 Jan 2023 1:42 PM IST