- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सागर
- /
- सागर - शादी के लिए मना करने पर...
सागर - शादी के लिए मना करने पर युवती की गोली मारकर हत्या

डिजिटल डेस्क सागर । एकतरफा प्रेम करने वाले युवक ने शादी से इंकार करने पर युवती को घर से बाहर घसीटकर सरेराह गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया। आरोपी पहले भी युवती के हाथ की नस काटकर उसे मारने का प्रयास कर चुका था। जिसके कारण उसे जेल जाना पड़ा। जमानत पर छूटे आरोपी ने गुरुवार दोपहर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी का मकान ढहा दिया है।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री वार्ड निवासी पूनम पिता मनीष केशरवानी (21) से वहीं रहने वाला रोहित सिंह राजपूत एकतरफा प्यार करता था। पूनम को वह 4 साल से परेशान कर रहा था। चार माह पहले पूनम ने हिम्मत करते हुए उससे शादी करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने पूनम की हत्या के इरादे से उसके हाथ की नस काट दी थी। इसकी रिपोर्ट मोतीनगर थाने में दर्ज हुई, पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर छूटा था।
मां-भाई बचाने आए तो मारी गोली
गुरुवार दोपहर पूनम अपने भाई के साथ कालेज से लौटी थी। इसी समय रोहित उसके घर पहुंचा और उसे घसीटते हुए बाहर सड़क पर लाकर मारने लगा। यह देख मां व भाई उसे बचाने आए तो रोहित ने पूनम के पेट में पिस्तौल सटाकर गोली मार दी। इस दौरान आरोपी ने मां-बेटे पर पत्थर फेंके और पिस्तौल वहीं छोड़कर भाग गया। मां-भाई घायल पूनम को अस्पताल लेकर गए लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जांच में उसे पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस मिले।
आरोपी का घर तोड़ा
पुलिस ने जिला प्रशासन, नगर निगम अमले की मदद से इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी का मकान खाली कराकर जेसीबी मशीन से तोडऩे की कार्रवाई की।
Created On :   3 Sept 2021 2:19 PM IST