- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 500 की क्षमतावाले केंद्र में बन रहे...
500 की क्षमतावाले केंद्र में बन रहे महज डेढ़ सौ आधार कार्ड का रजिस्ट्रेशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नए आधार कार्ड व आधार कार्ड अपडेट (सुधार) करने में हो रही परेशानी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने नागपुर में पहला आधार सेवा केंद्र शुरू किया। मानकापुर स्थित पासपोर्ट कार्यालय परिसर में शुरू किए गए, इस केंद्र को उम्मीद के मुताबिक प्रतिसाद नहीं मिल पा रहा है। इस केंद्र की क्षमता एक दिन में 500 आधार कार्ड पंजीयन की है, लेकिन यहां हर दिन अधिकतम डेढ़ सौ आधार कार्ड का ही पंजीयन हो रहा है। शहर के एक हिस्से में यह केंद्र होने से बहुत से लोग यहां पहुंच नहीं पा रहे हैं।
राज्य सरकार ने राज्य का आधार सेवा केंद्र का पहला केंद्र नागपुर में शुरू किया। 14 दिसंबर को इसकी शुरुआत हुई। यहां एक साथ 8 टेबल लगाए गए। भविष्य में 16 टेबल पर काम करने का उद्देश्य है। 18 कर्मचारी आधार पंजीयन के लिए लगाए गए। जिले में 173 जगह आधार पंजीयन केंद्र है, लेकिन हर केंद्र की क्षमता 30-40 आधार कार्ड पंजीयन तक ही है। लोगों को आधार कार्ड के लिए सुबह-सुबह लाइन लगानी पड़ती है। कई बार बैरंग लौटना पड़ता है। लोगों को इससे मुक्ति देने के लिए मानकापुर पासपोर्ट कार्यालय में आधार सेवा केंद्र शुरू किया। वैसे यहां 15 अक्टूबर 2019 से आधार पंजीयन का काम चल रहा है। 14 दिसंबर से इसे बड़ा रूप दिया गया। 15 अक्टूबर से 23 दिसंबर (सवा दो महीने) तक यहां कुल 3253 आधार कार्ड का पंजीयन हुआ है। इसमें 853 नए आधार कार्ड आैर 2400 अपडेट (सुधार) वाले आधार कार्ड का समावेश है। 14 दिसंबर से थोड़ी तेजी आई और हर दिन डेढ़ सौ तक आधार कार्ड पंजीयन हो रहा है। यह गति और बढ़ने की जरूरत है।
5 से 7 व 15 से 17 आयु वर्ग का बायोमैट्रिक मुफ्त
केंद्र में आधार अपडेशन (सुधार) का 50 रुपए शुल्क लिया जाता है। 5 से 7 व 15 से 17 आयु वर्ग के युवाओं का बायोमैट्रिक अपडेशन मुफ्त किया जाता है। 15 साल की आयु के बाद हाथ की उंगलियों में काफी बदलाव आता है। यह प्राकृतिक परिवर्तन होने से इनका बायोमेट्रीक अपडेशन मुफ्त रखा गया है। नाम, पता, मोबाइल नंबर या जन्म तिथि अपडेशन (सुधार) के लिए 50 रुपए शुल्क लिया जाता है। नया आधार कार्ड पंजीयन बिल्कुल मुफ्त है।
अभी तेजी आई
आधार पंजीयन में अभी तेजी आई है। 14 दिसंबर से हर दिन डेढ़ सौ तक आधार पंजीयन हो रहे है। अपडेशन (सुधार) के ज्यादा मामले आते है। नए आधार कार्ड की तुलना नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्म तिथि में सुधार के मामले ज्यादा आते है। अपडेशन शुल्क केवल 50 रुपए है। ज्यादा समय तक लाइन में खडा नहीं रहना पड़ता। केंद्र सातों दिन शुरू रहता है आैर तुरंत ही पंजीयन प्रक्रिया पूरी हो जाती है। जितने लोग पहुंच रहे है, उससे कहीं ज्यादा पंजीयन की इस केंद्र की क्षमता है। -निखिल महाजन, आफिस मैनेजर नागपुर.
Created On :   24 Dec 2019 3:15 PM IST