- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- भाजपा नेता पर क्यों नहीं दर्ज हो...
भाजपा नेता पर क्यों नहीं दर्ज हो रही एफआईआर युवा क्रांति संगठन ने लगाए आरोप

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा विदिशा के जिला महामंत्री उपेन्द्र धाकड़ ने शहर की एक छात्रा का शादी के नाम पर दैहिक शोषण किया और अब दूसरी शादी रचा रहा है, लेकिन भाजपा नेताओं के दबाव में पुलिस धाकड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज क्यों नहीं कर रही। ये आरोप युवा क्रांति संगठन के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता के दौरान लगाए।
संगठन के अनुराग तिवारी ने आरोप लगाया कि उपेन्द्र धाकड़ खुद को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का मुँहबोला साला बताकर रादुविवि में सक्रिय छात्र राजनीति करता था। इसी दौरान उसने एक छात्रा को अपने प्रभाव में करके उससे शादी के नाम पर अवैध संबंध बनाए और अब दूसरी जगह शादी करने की तैयारी कर रहा है। जब पीड़ित छात्रा ने महिला थाने और एसपी कार्यालय में उपेन्द्र धाकड़ के खिलाफ शिकायतें दीं तो पूरी भाजपा उसे बचाने में जुट गई, जिसके कारण पुलिस धाकड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। संगठन के अंकित पटेल, देवा झारिया व अन्य लोगों ने जल्द ही कार्रवाई न होने पर महाविद्यालयों में जनजागरण अभियान शुरू करने का ऐलान किया है।
महिला का मंगलसूत्र लूटा
बीती रात विजय नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों ने एक्टिवा से अपने दो बेटों के साथ वापस घर लौट रही महिला का सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। बाइक सवारों द्वारा मंगलसूत्र लूटे जाने के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए लुटेरों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वे चकमा देकर शिवनगर की ओर भाग गये। बीती रात हुई लूट की रिपोर्ट आज सुबह महिला ने थाने में दर्ज कराई। महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस हुलिया के आधार पर लुटेरों की तलाश में जुटी है। सूत्रों के अनुसार न्यू जगदम्बा कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय श्रीमती प्रीति सोनी एक्टिवा से अपने दो बच्चों को लेकर पिता के घर गयी थी। वहाँ से लौटते समय रात्रि सवा नौ बजे के करीब पीएंडटी कॉलोनी के पास अचानक बाइक सवार दो युवक उसके समीप आये, इस पर महिला ने उनसे कहा कि कैसी बाइक चला रहे हैं, इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन वाला मंगलसूत्र लूट लिया। अचानक हुई घटना से भयभीत महिला ने मदद की गुहार लगाई और काफी दूर तक लुटेरोंं का पीछा किया, लेकिन लुटेरे अँधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गये। महिला ने बताया कि मंगलसूत्र की कीमत करीब 40 हजार रुपए है। महिला की रिपोर्ट पर लूट का मामला दर्ज कर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।
Created On :   9 Jun 2019 5:22 PM IST