- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- रापनि कर्मी कूदा चारपहिया वाहन के...
रापनि कर्मी कूदा चारपहिया वाहन के सामने, 6 माह पूर्व हुआ था बर्खास्त

डिजिटल डेस्क, अकोला। अकोट की ओर जा रही चारपहिया के सामने देवरी फाटे के समीप एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी। इस हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, वाहन चालक ने घायल को तत्काल अकोट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया किंतु उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। जांच में ज्ञात हुआ कि मृतक रापनि का पूर्व बस चालक था जो लगभग 6 माह पूर्व ही सेवा से बर्खास्त किया गया था। रापनि के चालक वाहक शासकीय सेवा में समावेश करने के लिए 2 नवंबर से बेमियादी हड़लात कर रहे हैं। निगम ने कर्मचारियों को वापस काम पर बुलाने के लिए सेवा से निष्कासन जैसे कठोर निर्णय लिए हैं इसके बावजूद कर्मचारी अपनी प्रमुख मांग पर अड़े हुए हैं। बस सेवा बंद होने के कारण निगम को जहां करोड़ों रूपए का नुकसान हो रहा है वहीं दूसरी ओर आंदोलनकर्ता कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति भी खराब हो रही है। काम न होने से कुंठा ग्रस्त बस चालक तथा वाहकों की ओर से कुछ घातक कदम उठाने के समाचार सामने आ रहे हैं। इन सभी समस्याओं के बावजूद भी कर्मचारी अपना आंदोलन खत्म न करने की जिद पर अडे हुए हैं। ऐसी ही एक घटना में देवरी फाटे के पास विगत 6 माह पूर्व सेवा से बर्खास्त बस चालक ने चारपहिया वाहन के सामने कूद कर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दहीहांडा पुलिस थाने की सीमा में आने वाले देवरी फाटे से कार चालक अजय गायकवाड़ अकोट की ओर तेज गति से जा रहे थे। इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने वाहन के सामने अचानक छलांग लगा दी। सड़क किनारे खडे व्यक्ति द्वारा की गई इस आकस्मिक हरकत के कारण कार चालक बौखला गया, किसी तरह कार को नियंत्रित करने के बावजूद कार के सामने कूदने वाला घायल हो गया। कार चालक ने उसे तत्काल उपचार के लिए अकोट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया किंतु उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दहीहांडा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र राऊत के मार्गदर्शन में दल घटन स्थल पहुंचा। पुलिस को जांच में ज्ञात हुआ कि मृतक देवरी निवासी अरविंद अनंत चव्हाण है जो राज्य परिवहन निगम में बस चालक के रूप में कार्यरत था। विगत 5 से 6 माह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसे निगम ने सेवा से बर्खास्त कर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
युवक को अज्ञात वाहन ने उड़ाया
उधर एमआइडीसी पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले शिवार टी पाईंट के पास एक युवक की लाश पड़ी हुई है। ऐसी जानकारी पुलिस थाना निरीक्षक विजय चव्हाण को मिली। हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल अपने सहयोगियों को घटना स्थल पर रवाना किया। वरिष्ठ अधिकारी के मार्गदर्शन में दल ने घटना स्थल का पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए सर्वोपचार अस्पताल भेज दिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक कुंभारी निवासी संतोष चंद्रमणि अंभोरे है जो पैदल शिवणी की ओर जा रहा था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी तथा वहां से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उक्त हादसा इस कैमरे में कैद हुआ है क्या इसकी जांच पुलिस कर रही है।
Created On :   18 Jan 2022 3:34 PM IST